#बस्ती_न्यूज
नगर पंचायत नगर बाजार स्थित मदरसा के विशाल ग्राउंड में चल रहे 10 दिवसीय तकरीर कार्यक्रम का चौथा दिन गमगीन माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शिरकत कर हजरत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया। कार्यक्रम रात 9:00 बजे से शुरू होकर रात 11:00 बजे तक चला। मजलिस को खिताब करते हुए मौलाना मुनव्वर ने बताया कि हजरत इमाम हुसैन ने इंसानियत, अमन और सच्चाई को बचाने के लिए अपना वतन मदीना मुनव्वरा छोड़कर कर्बला की तरफ रुख किया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि कर्बला का वाकया केवल मुसलमानों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरी इंसानियत के लिए एक बड़ा सबक है। इमाम हुसैन ने जुल्म और नाइंसाफी के सामने कभी सिर नहीं झुकाया। उन्होंने अपने परिवार के साथ शहादत कुबूल कर इंसाफ और हक की लड़ाई को हमेशा के लिए जीवित कर दिया। मौलाना ने वर्तमान समय में कर्बला के पैगाम को समझने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा, मोहब्बत, इंसानियत और सच्चाई के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। साथ ही, नौजवानों से दीन की तालीम हासिल करने और समाज में अमन कायम रखने की अपील भी की। इस कार्यक्रम में कारी नूर आलम, हाफिज गुलाम सरवर, फैज मोहम्मद, इम्तियाज अहमद, सरवर आलम, कमरुल हुदा, अहमद रज़ा, कलीम, कलीमुल्लाह अंसारी, पप्पू, सद्दाम और इज़हार अहमद सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि यह तकरीर कार्यक्रम अगले 10 दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें विभिन्न उलेमा कर्बला की शहादत और दीन-ए-इस्लाम की अहमियत पर प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम के अंत में मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष दुआ कराई गई।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
नगर बाजार मदरसा ग्राउंड में 10 दिवसीय तकरीर का चौथा:मौलाना मुनव्वर बोले- ‘कर्बला का वाकया पूरी इंसानियत के लिए बड़ा सबक’
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












