बहराइच के नानपारा रेंज स्थित जंगली नाथ मंदिर, ग्राम बस्थानवा में सोमवार को एक विशाल मेडिकल कैंप और वन एवं पर्यावरण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर वन विभाग, इंस्पायर फाउंडेशन और आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। शिविर का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी बहराइच सुंदरेश, एसडीएम राजेश कैंथल और नानपारा चीनी मिल के महाप्रबंधक ने दीप प्रज्वलन और पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर अतिथियों ने लोगों को अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रेरित किया। मौके पर आँवला, अर्जुन, सहजन और नीम सहित 10 औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया। आयुष विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश रावत के नेतृत्व में 10 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। कैंप में शुगर, ब्लड प्रेशर और खून की जाँच सहित विभिन्न परीक्षण किए गए, साथ ही मरीजों को आवश्यक परामर्श और दवाइयाँ भी वितरित की गईं। इंस्पायर फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. अनिल साहू, सचिव डॉ. रविन्द्र केशव और वन क्षेत्राधिकारी नानपारा रेंज पीयूष गुप्ता ने बताया कि यह शिविर “आयुष आपके द्वार” अभियान का हिस्सा था, जिसका लक्ष्य दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाना है। शिविर में 500 से अधिक ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान बस्थानवा विनोद वर्मा और स्थानीय ग्रामीणों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
बहराइच के जंगली नाथ मंदिर में लगा मेडिकल कैंप:500 से अधिक ग्रामीणों को मिला निशुल्क स्वास्थ्य लाभ
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












