#बस्ती_न्यूज
बस्ती विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जनपद में लगातार मिल रही बिजली संबंधी शिकायतों के मद्देनजर विधायक अतुल चौधरी ने विद्युत विभाग के चीफ से मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में अनावश्यक और अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। इसके साथ ही, जर्जर एवं ढीले विद्युत तारों की मरम्मत को प्राथमिकता देने, ओवरलोड और खराब ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाकर निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान करने पर जोर दिया गया। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त और नियमित विद्युत आपूर्ति देने की भी मांग की गई। विधायक ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि सिंचाई हेतु विद्युत कनेक्शन या आपूर्ति के दौरान किसानों से अनधिकृत धनराशि वसूली की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने इन शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने और सही पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। विधायक ने अधिकारियों से किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान न करने का आग्रह किया। अतुल चौधरी ने कहा कि बिजली केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि आज के समय में किसान, मजदूर, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिक के जीवन एवं आजीविका की मूलभूत आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के अधिकारों और किसानों के हितों से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। चौधरी ने विद्युत व्यवस्था से संबंधित जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
विधायक अतुल चौधरी ने बिजली कटौती पर सौंपा ज्ञापन:जर्जर तारों, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों को लेकर विद्युत विभाग के चीफ से मिले
RELATED ARTICLES












