पुलिस अधीक्षक *श्री राहुल भाटी* के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक *श्री मुकेश चंद्र उत्तम* के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम *श्री आलोक कुमार सिंह* के कुशल नेतृत्व में साइबर सेल थाना कोतवाली भिनगा, जनपद श्रावस्ती द्वारा ठगी के शिकार पीड़ित को राहत दिलाते हुए सराहनीय कार्य किया गया।
प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली भिनगा *श्री राज प्रकाश सिंह* एवं साइबर सेल प्रभारी उ0नि0 मनोज कुमार यादव मय टीम के प्रयास से शिकायतकर्ता *इमरान अहमद* के बैंक खाते से UPI के माध्यम से ठगे गए कुल 7,000/- (सात हजार) रुपये सफल कार्यवाही करते हुए वापस कराए गए।
*घटना का संक्षिप्त विवरण*
आवेदक इमरान अहमद पुत्र नूर मोहम्मद निवासी पुरानी बाजार भिनगा जनपद श्रावस्ती द्वारा दिनांक 26.02.2026 को एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के अनुसार अज्ञात फ्रॉडस्टर द्वारा UPI के माध्यम से 7,000/- रुपये की ठगी कर ली गई थी। जिस पर साइबर सेल थाना कोतवाली भिनगा द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए संबंधित माध्यमों से समन्वय स्थापित कर संपूर्ण धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई।
*पुलिस टीम*
1. प्र0नि0 राज प्रकाश सिंह थाना कोतवाली भिनगा जनपद श्रावस्ती
2. उ0नि0 मनोज यादव
3. का0 अमरजीत शर्मा
जनपद पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते उचित कार्यवाही की जा सके।
पुलिस अधीक्षक *श्री राहुल भाटी* के कुशल निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक *श्री मुकेश चंद्र उत्तम* एवं समस्त क्षेत्राधिकारीगण के प्रभावी पर्यवेक्षण में जनपद श्रावस्ती में *मिशन शक्ति फेज–5 (द्वितीय चरण)* के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, आत्मनिर्भरता एवं साइबर जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना एवं सुरक्षित वातावरण का निर्माण करना है।
इसी क्रम में *थाना कोतवाली भिनगा, सिरसिया, मल्हीपुर, हरदत्तनगर गिरंट, सोनवा, गिलौला, इकौना, नवीन मॉडर्न, महिला थाना एवं शक्ति मोबाइल टीम* द्वारा विद्यालयों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तथा सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा उपायों, कानूनी अधिकारों एवं सरकारी सहायता सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया। चौपाल एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान हेतु प्रेरित किया गया तथा उन्हें *“शक्ति दीदी”* के रूप में निर्भीक होकर अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
साइबर सुरक्षा के संबंध में सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल एवं संदिग्ध लिंक से बचाव के उपाय बताते हुए *ओटीपी साझा न करने, मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करने* एवं किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में *हेल्पलाइन नंबर 1930* पर तत्काल सूचना देने हेतु जागरूक किया गया।
महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों एवं ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी प्रदान करते हुए *UPCOP ऐप एवं CCTNS प्रणाली* के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के उपयोग हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराते हुए उनका लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
जनपद के समस्त थानों पर स्थापित *मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क* की जानकारी देते हुए जागरूकता सामग्री वितरित की गई, जिससे महिलाओं को त्वरित एवं प्रभावी सहायता मिल सके।
*श्रावस्ती पुलिस द्वारा महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने हेतु यह अभियान सतत जारी है।*
उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने सड़क दुर्घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी को गंभीरता से लेते हुए बड़े एक्शन किए हैं। अलग-अलग जिलों के 5 थाना प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि 2 ट्रैफिक सीओ के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
DGP ने की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। बैठक में पुलिस मुख्यालय से जुड़े सभी अधिकारी, पुलिस कमिश्नर, एडीजी जोन, आईजी/डीआईजी रेंज और सभी जिलों के एसएसपी/एसपी मौजूद रहे।
दुर्घटनाओं में वृद्धि पर सख्ती
बैठक के दौरान विभिन्न जिलों में सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती संख्या पर गहरी नाराजगी जताई गई। पांच थाना क्षेत्रों में दुर्घटनाओं में असामान्य बढ़ोतरी पाए जाने के बाद संबंधित थाना प्रभारियों को तत्काल लाइन हाजिर करने के आदेश दिए गए।
वाराणसी कमिश्नरी के चोलापुर थाना प्रभारी दीपक कुमार, गोरखपुर जिले के कैम्पियरगंज थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, कन्नौज जिले के छिबरामऊ थाना प्रभारी विष्णुकांत तिवारी, बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद शुक्ला और जौनपुर जिले के सिकरारा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
दो ट्रैफिक सीओ के खिलाफ जांच
इसके अलावा बाराबंकी के ट्रैफिक सीओ अलोक कुमार पाठक और जौनपुर के ट्रैफिक सीओ गिरेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
डीजीपी राजीव कृष्णा ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुर्घटना वाले इलाकों में तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं और ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए।
आगे की कार्रवाई
लाइन हाजिर किए गए अधिकारियों को प्रतिकूल एंट्री दी जाएगी। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसा हुआ। पिकौरा गांव के पास एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने साइकिल सवार दो युवतियों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए आगे आए। घायल युवतियों की पहचान आंचल भारती (15 वर्ष), पुत्री रामचंद्र निवासी नवागढ़, और मोनिका (18 वर्ष), पुत्री रामप्रसाद निवासी ककुआ रावत के रूप में हुई है। दोनों युवतियां साइकिल से जा रही थीं तभी बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कप्तानगंज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया। युवतियों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना अध्यक्ष लोक श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
रामजानकी मार्ग के पाऊं गांव स्थित सोमेश्वरनाथ धाम शिव मंदिर परिसर में नौ दिवसीय संगीतमयी श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा के छठवें दिन अवधधाम से पधारे सुप्रसिद्ध कथावाचक पं. प्रदीप शास्त्री ने श्रीकृष्ण विवाह के उपरांत की दिव्य लीलाओं का वर्णन किया। पं. प्रदीप शास्त्री ने बताया कि रुक्मिणी जी से विवाह के बाद भगवान श्रीकृष्ण द्वारिका नगरी में विराजे। यहां उन्होंने आदर्श गृहस्थ जीवन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए धर्म, नीति और मर्यादा स्थापित की। उन्होंने जोर दिया कि श्रीकृष्ण का जीवन केवल लीलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज को दिशा देने वाला एक आदर्श भी है। कथा के दौरान नरकासुर वध के बाद 16,100 बंदी स्त्रियों के उद्धार का प्रसंग सुनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण ने इन स्त्रियों को सामाजिक सम्मान प्रदान करते हुए अपने जीवन में स्थान दिया। शास्त्री जी ने इस प्रसंग को भगवान की करुणा, संवेदनशीलता और समाज के प्रति उनके उत्तरदायित्व का उदाहरण बताया। इसके अतिरिक्त, सत्यभामा और जाम्बवती सहित अन्य रानियों के साथ श्रीकृष्ण के विवाह और उनसे जुड़ी लीलाओं का भी विस्तृत वर्णन किया गया। कथावाचक ने सुदामा चरित्र के माध्यम से सच्ची मित्रता, समर्पण और निष्काम भक्ति का संदेश दिया, जिससे श्रोतागण मंत्रमुग्ध हो गए। शास्त्री जी ने अपने प्रवचन में कहा कि श्रीकृष्ण का गृहस्थ जीवन धर्म, न्याय और प्रेम का अद्वितीय समन्वय है। यह प्रत्येक व्यक्ति को कर्तव्यपरायणता, विनम्रता और परोपकार की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और उन्होंने भक्तिभाव से कथा का श्रवण किया। इस अवसर पर मुख्य यजमान शिव शंकर शुक्ल, कुलभूषण दूबे, गंगा प्रसाद दूबे, दुर्गा प्रसाद शुक्ला, काशी नाथ दूबे, भगवानदेव तिवारी, भगवती शुक्ल, राजेन्द्र दूबे, श्याम सुन्दर दूबे, घनश्याम दूबे, अजय दूबे, दिलीप मोदनवाल, पुनीत शुक्ला, सुनील शुक्ला और विपिन सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद थे।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनके परिवार पर लगे गंभीर आरोपों के सिलसिले में पूछताछ के लिए असम पुलिस कांग्रेस के सीनियर नेता और प्रवक्ता पवन खेड़ा को ढूंढ रही है। असम पुलिस दिल्ली के निजामुद्दीन ईस्ट में उनके घर भी गई थी, लेकिन वह वहां भी नहीं मिले।
अब पवन खेड़ा ने सामने आकर एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उन्होंने हिमंत बिस्वा सरमा पर फिर से सवाल उठाए हैं। वीडियो में उन्होंने साफ कहा कि सरकार डराने-धमकाने की पॉलिटिक्स कर रही है, लेकिन कांग्रेस नेता इन तरीकों से पीछे नहीं हटेंगे। खेड़ा ने मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़ी कथित विदेशी कंपनियों और नागरिकता के कागजात का हवाला देते हुए जांच की मांग की है।
पवन खेड़ा ने पुलिस कार्रवाई पर दुख जताते हुए कहा, ‘दिल्ली में मेरे फ्लैट पर सौ पुलिस वाले गए। मेरी छोटी बहन जो अब इस दुनिया में नहीं है, उसकी याद के तौर पर रखा एक पुराना फोन और अन्य उपकरण उठा ले गए। आप कांग्रेस को चुप क्यों करवाना चाहते हैं? मुझे चुप क्यों करवाना चाहते हैं? सरमा जी, हमारी आदत डरने की नहीं है, मैं मेवाड़ का हूं और राहुल गांधी का सिपाही हूं।’
पवन खेड़ा ने अमेरिका के व्योमिंग और उटाह प्रांत की सरकारी वेबसाइटों का हवाला देते हुए कुछ गंभीर दस्तावेज पेश किए। उन्होंने बताया कि नॉन-डिस्क्लोजर एग्रीमेंट (NDA) रिवोक होने के बाद कई जानकारियां सार्वजनिक हुई हैं। खेड़ा के अनुसार, इन दस्तावेजों में बियॉन्ड भुयान प्रॉपर्टीज (LLC) जैसी कंपनियों का जिक्र है।
उन्होंने आगे दावा किया कि इन दस्तावेजों में रेनीकी भुयान शर्मा का नाम ‘ऑथराइज्ड मेंबर’ के रूप में दर्ज है और इसमें एंटीगुआ और बारबुडा की नागरिकता का भी उल्लेख है। खेड़ा ने कहा, ‘हमारे पास जो कागज आए हैं, हम उन्हें सार्वजनिक कर रहे हैं और जांच की मांग कर रहे हैं।’
पवन खेड़ा ने यूनाइटेड किंगडम (UK) की सरकारी वेबसाइट का डेटा साझा करते हुए कहा कि भुयान प्रॉपर्टीज लिमिटेड का पंजीकृत पता लंदन में कई बार बदला गया है। उन्होंने कहा, ‘सरकारी वेबसाइट पर 16 मार्च 2026 को पता बदलने की जानकारी दर्ज है। इसके अलावा दुबई और बांग्लादेश के ढाका के पते भी सामने आ रहे हैं। हमारे सवाल सीधे हैं क्या इजिप्ट का पासपोर्ट, यूएई का गोल्डन वीजा और एंटीगुआ का पासपोर्ट असली है या नकली? क्या फेक KYC के जरिए ये शेल कंपनियां खोली गईं? यह जांच का विषय है।’
क्या है पूरा मामला?
पवन खेड़ा ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सरमा की पत्नी के पास यूएई, इजिप्ट और एंटीगुआ जैसे देशों के कई पासपोर्ट हैं। साथ ही, उन्होंने अमेरिका के व्योमिंग में 53,000 करोड़ रुपये की एक बेनामी कंपनी और दुबई में अघोषित संपत्तियों का भी जिक्र किया। इन आरोपों ने असम में मतदान से ठीक पहले चुनावी माहौल को गरमा दिया है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह असम पुलिस की टीम पवन खेड़ा के घर पहुंची थी। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे। पुलिस ने घर की तलाशी ली और कुछ अहम दस्तावेज मिलने की बात कही। करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद पुलिस बाहर आई।
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव के बीच घोषित संघर्ष विराम का भारत ने स्वागत किया है। केंद्र सरकार ने इसे सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई है कि यह पहल क्षेत्र में स्थायी शांति की दिशा में आगे बढ़ेगी। साथ ही भारत ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने या देश छोड़ने की सलाह भी जारी की है।
विदेश मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भारत युद्धविराम का स्वागत करता है और आशा करता है कि इससे पश्चिम एशिया में स्थायी शांति स्थापित होगी। मंत्रालय ने दोहराया कि मौजूदा संघर्ष को समाप्त करने के लिए तनाव कम करना, संवाद और कूटनीति ही सबसे प्रभावी रास्ता है। भारत ने स्पष्ट किया कि इस टकराव ने पहले ही आम लोगों को भारी नुकसान पहुंचाया है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति तथा व्यापार नेटवर्क पर इसका प्रतिकूल असर पड़ा है।
बयान में विशेष रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य का उल्लेख करते हुए कहा गया कि वहां से निर्बाध नौवहन और वैश्विक व्यापार का सुचारू संचालन बेहद जरूरी है। यह जलमार्ग अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है और इसके बाधित होने से पूरी दुनिया प्रभावित होती है।
इधर, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भी एक बार फिर एडवाइजरी जारी कर ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों से तत्काल देश छोड़ने की अपील की है। दूतावास ने कहा है कि हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए सभी भारतीय नागरिक दूतावास के संपर्क में रहें और सुझाए गए सुरक्षित मार्गों का उपयोग करते हुए यथाशीघ्र ईरान से बाहर निकल जाएं। इससे पहले भी 7 अप्रैल को इसी तरह की सलाह जारी की गई थी।
लखनऊ। लखनऊ हाईकोर्ट की पीठ ने राहुल गांधी की कथित दोहरी नागरिकता मामले में जज के चेंबर में हुई सुनवाई के दौरान गृह मंत्रालय द्वारा पेश किए गए रिकॉर्ड का फिलहाल परीक्षण करने से परहेज किया है। न्यायमूर्ति सुभाष विद्यार्थी की एकल पीठ ने कहा कि केंद्र सरकार के अधिकारी रिकॉर्ड के साथ मौजूद थे, लेकिन इस स्टेज पर कोर्ट राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच नहीं कर रही है।
सुनवाई भाजपा कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर की याचिका पर हुई। याचिकाकर्ता ने 28 जनवरी को लखनऊ की विशेष एमपी/एमएलए अदालत के उस आदेश को चुनौती दी था, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को खारिज किया गया था।
बस्ती जिले के कप्तानगंज में टोल टैक्स बचाने के लिए नेशनल हाईवे छोड़कर मुख्य बाजार से गुजरने वाले भारी वाहनों के खिलाफ बुधवार शाम को पुलिस और व्यापारियों ने संयुक्त अभियान चलाया। इन वाहनों के कारण बाजार में लंबे समय से जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था। दरअसल, लखनऊ-गोरखपुर नेशनल हाईवे पर लगने वाले टोल से बचने के लिए भारी वाहन चालक छावनी होते हुए राम जानकी मार्ग से रखिया होकर कप्तानगंज नगर पंचायत के मुख्य बाजार से गुजरते हैं। इसके बाद वे वापस हाईवे पर चढ़ जाते हैं। इस शॉर्टकट के कारण कप्तानगंज बाजार में रोजाना भीषण जाम की स्थिति पैदा होती है। इस स्थिति से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित होता है, वहीं राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। संकरे बाजार मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही दुर्घटनाओं को भी न्यौता देती है। बुधवार को थानाध्यक्ष कप्तानगंज आलोक कुमार श्रीवास्तव ने व्यापारियों के साथ मौके पर पहुंचकर भारी वाहनों को रोका। उन्होंने चालकों को सख्त हिदायत दी कि वे बाजार मार्ग से भारी वाहन न चलाएं, ताकि बाजार में जाम न लगे और लोगों को परेशानी न हो। थानाध्यक्ष ने बताया कि यदि वाहन चालक फिर भी नहीं मानते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। व्यापारियों ने मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों का प्रवेश स्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जाए, जिससे बाजार को जाम और दुर्घटनाओं से हमेशा के लिए निजात मिल सके।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सदर ब्लॉक की ग्राम पंचायत श्रीपालपुर के वाल्टनगंज कस्बे में इन दिनों गंदगी की समस्या गंभीर हो गई है। कस्बे के मुख्य मार्ग और रिहायशी आबादी के बिल्कुल पास कूड़ा फेंका जा रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने के कारण यहां कचरे का एक बड़ा ढेर लग गया है। सड़ते हुए कचरे से निकलने वाली भीषण दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कूड़े के ढेर पर पनप रहे मच्छर और मक्खियां क्षेत्र में डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसी बीमारियों को फैलाने की आशंका बढ़ा रहे हैं। इसका सबसे अधिक बुरा प्रभाव बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों, जिनमें विवेक चौधरी, कमलेश पटेल, जितेंद्र कुमार, कर्म हुसैन और जिम्मी सोनी शामिल हैं, ने जिला प्रशासन से तत्काल इस कूड़े को हटाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही फॉगिंग और कचरा उठाने का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
अमेरिका और ईरान के बीच पाकिस्तान की पहल पर दो हफ्ते का युद्धविराम हो चुका है। बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है। अमेरिका अब ईरान के साथ मिलकर काम करेगा। तेहरान के साथ टैरिफ और प्रतिबंधों पर बातचीत होगी। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान में यूरेनियम का संवर्धन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि ईरान के साथ मिलकर अमेरिका गहराई में दबी सभी परमाणु धूल को खोदकर निकालेगा। एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने ईरान को हथियार बेचने वाले देशों पर 50 फीसद टैरिफ लगाने की धमकी दी है।
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, ‘अमेरिका ईरान के साथ मिलकर काम करेगा। हमने यह तय किया है कि वह एक बहुत ही सफल सत्ता परिवर्तन के दौर से गुजरा है। अब यूरेनियम का संवर्धन नहीं किया जाएगा। ईरान के साथ मिलकर अमेरिका जमीन में बहुत गहराई में दबी हुई (B-2 बॉम्बर्स) सारी परमाणु धूल को खोदकर बाहर निकालेगा।’
कई बिंदुओं पर बनी सहमति
ट्रंप ने आगे कहा, ‘यह (परमाणु प्लांट) अब भी और पहले से अधिक कड़ी सैटेलाइट निगरानी में है। हमले की तारीख से अब तक किसी भी चीज को छुआ नहीं गया है। हम ईरान के साथ टैरिफ और प्रतिबंधों में राहत देने के मुद्दे पर बातचीत कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे। 15 में से कई बिंदुओं पर पहले ही सहमति बन चुकी है।’
ईरान को जिसने भी दिया हथियार, उस पर लगेगा टैरिफ
डोनाल्ड ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में लिखा, ‘जो भी देश ईरान को सैन्य हथियार सप्लाई करेगा, अमेरिका को बेचे जाने वाले उसके सभी सामानों पर तत्काल प्रभाव से 50% टैरिफ लगाया जाएगा। इसमें कोई छूट या रियायत नहीं मिलेगी।’
उधर, अमेरिका के टॉप जनरल डैन केन का कहना है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के आदेश पर अमेरिकी सेना ईरान पर दोबारा हमला करने को तैयार है। उन्होंने कहा, ‘यह स्पष्ट कर दें कि युद्धविराम एक विराम है। संयुक्त बल आदेश मिलने या बुलाए जाने पर तैयार रहेगा।’ इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्री पीट हेगसेथ का कहना है कि ईरान की नई सरकार के पास कोई विकल्प नहीं बचा था। समय भी खत्म हो चुका था। इस कारण उन्होंने एक नई डील की है। ईरान के साथ डील का मतलब यह है कि वे कभी किसी भी हाल में परमाणु हथियार हासिल न कर पाए।
जगदलपुर । बस्तर के आदिवासी समाज ने क्षेत्र के समग्र विकास, सांस्कृतिक संरक्षण और सामाजिक समरसता को लेकर केंद्र और राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा है। आज बुधवार काे साैंपे गये ज्ञापन एसडीएम के माध्यम से केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भेजा गया है।
ज्ञापन में चिंता जताई गई है कि वर्तमान समय में कुछ सामाजिक और धार्मिक प्रभावों के कारण आदिवासी समाज में भ्रम और सांस्कृतिक विचलन की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसमें कहा गया है कि अशिक्षा और गरीबी का लाभ उठाकर कुछ जगहों पर लोगों को उनके पारंपरिक विश्वासों से दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे सामाजिक समरसता प्रभावित हो सकती है। साथ ही धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग की गई है। इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार के प्रलोभन या दबाव में होने वाले धर्म परिवर्तन पर रोक लगाना है।
सरकार से कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए हैं। इनमें आदिवासी संस्कृति और भाषा के संरक्षण के लिए विशेष नीतियां बनाना, स्कूलों में स्थानीय इतिहास को शामिल करना और गांव स्तर पर जागरूकता अभियान चलाना शामिल है। इसके अलावा, स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, कुपोषण उन्मूलन के लिए स्थानीय आहार आधारित योजनाएं, युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर बढ़ाने और लघु वनोपज के प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया है। ज्ञापन में सांस्कृतिक संस्थानों की स्थापना, पारंपरिक त्योहारों और कला के संरक्षण के लिए ग्राम स्तर पर समितियों के गठन तथा प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
नई दिल्ली। असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी मतदान सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। तीनों राज्यों की कुल 296 सीटों पर उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।
असम की 126 सीटों के लिए 722 उम्मीदवार मैदान में हैं। राज्य में लगभग 2.5 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवा पहली बार मतदान करेंगे। यहां बहुमत के लिए 64 सीटों की जरूरत है। मतदान के लिए 31 हजार से अधिक पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जिन पर वेबकास्टिंग के जरिए लाइव निगरानी की जाएगी।
केरल में 140 सीटों पर 890 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यहां करीब 2.71 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। राज्य में त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है और सरकार बनाने के लिए 71 सीटों का बहुमत जरूरी है। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा और इसके लिए 30 हजार से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।
पुडुचेरी में 30 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, जिनमें पांच सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। यहां करीब 9.44 लाख मतदाता हैं और बहुमत का आंकड़ा 16 है। चुनाव के लिए 1,099 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तीनों क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती के साथ संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मतदान प्रक्रिया के लिए लाखों कर्मियों को तैनात किया गया है और ईवीएम व वीवीपैट मशीनों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोस्टल बैलेट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मतदान के बाद सभी ईवीएम को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा, जहां 24 घंटे निगरानी होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, तीनों राज्यों में मतदान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतगणना 4 मई को होगी।
रुधौली, बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले की रुधौली तहसील के उप जिलाधिकारी (SDM) ने बुधवार को पंचायत भवन धन्सा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संचालित ‘फार्मर रजिस्ट्री योजना’ के कार्यों की जमीनी स्तर पर गहन समीक्षा की। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को बिना किसी बिचौलिए के सीधे सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक सुदृढ़ हो सके।
रजिस्ट्री प्रक्रिया में न हो कोई देरी निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने पंचायत भवन में चल रही फार्मर रजिस्ट्री प्रक्रिया के संचालन का बारीकी से जायजा लिया और किसानों के लिए सभी संबंधित दस्तावेजों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि रजिस्ट्री प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को इस प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
गांव-गांव तक पहुंचे योजना की जानकारी उप जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित लेखपाल पंकज सिंह और पंचायत सहायक तबरेज आलम को निर्देशित किया कि वे इस योजना की विस्तृत जानकारी ज्यादा से ज्यादा किसानों तक पहुंचाएं। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र किसान इस योजना के लाभ से वंचित न रहे। रजिस्ट्री की प्रक्रिया को पूरी तरह से पारदर्शी और सरल बनाने के लिए एसडीएम ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक कदम उठाने की सख्त हिदायत दी।
उन्होंने इस अवसर पर यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार की यह योजना किसानों के जीवन में एक बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है, बशर्ते इसका कार्यान्वयन सही और पारदर्शी तरीके से किया जाए।
ये रहे मौजूद इस निरीक्षण के दौरान मौके पर शकील अहमद, गनेश, अश्विनी कुमार शर्मा, सफाई कर्मी राजकुमार, अहमद अली, राम सुभग, रमाकांत, रामशब्द और बरकत अली सहित कई अन्य ग्रामवासी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
UP: लखनऊ (Lucknow) के आशियाना थाना क्षेत्र के सेक्टर-एम में मंगलवार शाम एक निर्माणाधीन इमारत में किशोरी के साथ रेप किया गया । किशोरी पास के ही एक घर में बच्चों की देखभाल का काम करती है और रोज की तरह काम पर जा रही थी। तेज बारिश के कारण वह रास्ते में रुक गई, तभी उसका शिकार किया गया।
निर्माणाधीन बिल्डिंग में घिनौना अपराध
सूत्रों के अनुसार, बिल्डिंग में काम कर रहे एक मजदूर ने किशोरी को अंदर खींच लिया, जबकि अन्य साथी बाहर पहरा दे रहे थे। विरोध करने पर किशोरी के हाथ-पैर बांध दिए गए, उसके साथ मारपीट की गई और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया। घटना के समय किशोरी असहाय और अकेली थी।
जिस महिला के घर किशोरी काम करती है, उसने समय पर न आने पर उसकी तलाश शुरू की। पड़ोसियों को शक हुआ और उन्होंने निर्माणाधीन बिल्डिंग में जांच की। वहां तीसरी मंजिल पर किशोरी को बदहवास और भयभीत स्थिति में पाया गया। उनकी मदद से किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों ने पकड़े आरोपी
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिल्डिंग की छत की टंकी के पास छिपे पांच मजदूरों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और आशियाना थाना की टीम मौके पर पहुंची। पीड़िता को तुरंत लोकबंधु अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल कराया गया।
पुलिस ने सभी पांच मजदूरों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सभी आरोपी सीतापुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने रेप और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी मध्य ने पुष्टि की कि घटना में गैंगरेप हुआ है। पुलिस पीड़िता के बयान दर्ज कर रही है और पूरे घटनाक्रम की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.