*रक्षाबंधन पर माताओं-बहनों-बेटियों को सहयात्री सहित 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा*
*मा0 मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महिलाओं को सुरक्षित और सुलभ यात्रा का दिया उपहार- मा0 सदस्य, पिछड़ा वर्ग*
*👉रक्षाबंधन के पावन पर्व पर माताओं-बहनों और उनके साथ एक सहयात्री को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा का उपहार-जिलाधिकारी*
श्रावस्ती 26 अगस्त, 2026। सू0वि0। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ से माननीय मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में परिवहन विभाग द्वारा आयोजित ‘‘मातृशक्ति को सम्मान’’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसका सजीव प्रसारण तहसील इकौना, तहसील जमुनहा व कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 जनप्रतिनिधिगणों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 सदस्य पिछड़ा वर्ग आयोग घनश्याम चौहान व जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस दौरान मा0 सदस्य, जिलाधिकारी ने महिलाओं को त्योहार के उपलक्ष्य में उपहार भी प्रदान किया।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग राज्य आयोग के सदस्य घनश्याम चौहान ने अपने सम्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर समस्त माताओं और बहनों को सुरक्षित और सुलभ यात्रा का बड़ा उपहार दिया है। मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार, रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की सभी श्रेणियों की बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा सेवा की घोषणा की गई है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने बताया कि विशेष निःशुल्क बस सेवा 27 अगस्त, 2026 को सुबह 06ः00 बजे से प्रारंभ होकर 29 अगस्त, 2026 मध्य रात्रि 12ः00 बजे तक लगातार तीन दिनों के लिए प्रभावी रहेगी। इस अवधि के दौरान यात्रा करने वाली सभी महिला यात्रियों को परिवहन निगम द्वारा शून्य किराये का टिकट जारी किया जाएगा। इस वर्ष शासन द्वारा यह निर्णय लिया है कि महिला यात्री के साथ आने वाले एक सहयात्री (अटेंडेंट) को भी मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जाएगा। इससे रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने जा रही बहनों का सफर और अधिक आरामदायक व सुगम हो सकेगा। परिवहन विभाग की विशेष तैयारियां त्योहार के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों और विशेष फेरों की व्यवस्था की गई है। अधिक सवारी वाले मार्गों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि बसों के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। उन्होने बताया कि मा0 मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश की सभी महिलाओं को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बस अड्डों और यात्रा के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी मो0 अजीम, उपाध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा पूजा पाण्डेय सहित अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण व भारी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।





