श्रावस्ती के गिलौला विकासखंड की ग्राम पंचायत कमलाभारी के मजरा खड़ेला में ग्रामीण आजादी के 76 साल बाद भी सड़क जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं। गांव का मुख्य मार्ग आज तक न तो आरसीसी सड़क में बदला है और न ही खड़ंजा का निर्माण हुआ है, जिससे ग्रामीणों को रोजाना भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, यह मार्ग गांव को मुख्य सड़क से जोड़ता है। इसी रास्ते से बच्चे स्कूल जाते हैं और ग्रामीण अपने दैनिक कार्यों के लिए आवागमन करते हैं। बारिश के मौसम में यह सड़क पूरी तरह कीचड़ और जलभराव से भर जाती है, जिससे लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। रास्ते में जमा गंदा पानी और फिसलन ग्रामीणों के लिए एक बड़ी समस्या बन गई है। स्थिति इतनी खराब है कि स्कूली बच्चों को कीचड़ भरे रास्ते से निकलने के लिए अपने कपड़े हाथ में लेकर चलना पड़ता है। स्कूल पहुंचने से पहले वे किसी नल या हैंडपंप पर हाथ-पैर साफ कर दोबारा कपड़े पहनते हैं। इससे उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और उन्हें मानसिक व शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मो. बकरीदी, बाबू अली, सर्वेश और जावेद ने बताया कि कीचड़ और जलभराव के कारण कई बार लोग फिसलकर गिर चुके हैं। इससे कपड़े खराब होते हैं और चोट लगने का खतरा भी बना रहता है। बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों के लिए यह मार्ग किसी चुनौती से कम नहीं है। सड़क निर्माण न होने से गांव के विकास पर भी असर पड़ रहा है और ग्रामीण खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव के मुख्य मार्ग पर जल्द से जल्द आरसीसी सड़क या खड़ंजा का निर्माण कराया जाए, ताकि जलभराव और कीचड़ की समस्या से राहत मिल सके और आवागमन सुगम हो। वहीं, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरुण कुमार शुक्ला ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया है कि सड़क निर्माण के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही गांव की स्थिति में सुधार लाया जाएगा।
खड़ेला का मुख्य मार्ग पर कीचड़:स्कूली बच्चे गिरकर खराब कर रहे ड्रेस, बारिश में बढ़ जाती है परेशानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












