अध्यक्ष जिला पंचायत ने किया शुभारम्भ, प्राकृतिक खेती हेतु कृषकों से किया अपील
सूचना विभाग के पंजीकृत कलाकारों द्वारा सरकार की योजनाओं पर आधारित लोकगीतों का किया गया प्रस्तुतीकरण

श्रावस्ती। प्रधानंमत्री जी की दूरदर्शी नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देशानुसार जनपद के कलेक्ट्रेट स्थित तथागत सभागार में प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दूसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा ने द्वीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होने गोष्ठी में लगे स्टालों का निरीक्षण किया तथा किसानों को प्राकृतिक खेती करने की नसीहत दी।
इस अवसर पर मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत ने कहा कि आजकल किसान रासायनिक खेती के दौर में अन्धाधुन्ध रासायनिक उर्वरक एवं कीटनाशी का प्रयोग करता है, जिसका प्रभाव उस पर और उसकी आने वाली पीढ़ी पर भी पड़ता है। इसलिए कृषकों से अपील है, कि वह रासायनिक खेती को छोड़कर प्राकृतिक खेती अपनायें ताकि उनका भी स्वास्थ्य अच्छा हो और परिवार के लोग भी स्वस्थ्य रहें।
उप कृषि निदेशक राम आसरे यादव द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में प्राकृतिक खेती हेतु विकास खण्ड-जमुनहा एवं सिरसिया का चयन किया गया है, प्रत्येक विकास खण्ड में 50-50 हे0 के 10 कलस्टर का गठन किया गया है। प्रत्येक कलस्टर में 125 कृषक सम्मिलित हैं, जो प्राकृतिक खेती कर रहे हैं तथा अपने आस-पास के कृषकों को प्राकृतिक खेती करने हेतु प्रेरित कर रहे हैं। प्राकृतिक खेती ही एक ऐसा आधार है जिससे हमारा देश स्वस्थ्य एवं समृद्ध बन सकता है, इसलिए सभी किसान भाई इस कार्यशाला से प्राकृतिक खेती में उपयोग होने वाले निवेशों के तैयार करने की विधि को सीखकर जायें और अपने खेतों में इसका प्रयोग करें। सभी जनप्रतिनिधिगण, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कृषक भाईयों का धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यशाला के समापन की घोषणा की गयी। कार्यक्रम में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के पंजीकृत कलाकारों द्वारा सरकार की योजनाओं पर आधारित लोकगीतों का भी प्रस्तुतीकरण किया गया तथा लोगों को सूचना विभाग द्वारा पम्पलेट आदि का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर आयुक्त स्वतः रोजगार संदीप कुमार, अध्यक्ष कृषि विज्ञान केन्द्र, श्रावस्ती डॉ0 एस0पी0 सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ0 उमेश गुप्ता, श्रावस्ती, जिला कृषि रक्षा अधिकारी नत्थू लाल गंगवार, डॉ0 विनय कुमार, डॉ0 राम भरोसे आदि उपस्थित रहे।












