श्रावस्ती जनपद के सिरसिया विकासखंड की ग्राम पंचायत बुटहर के लोहनिया गांव में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में मुन्नू के घर के सामने मुख्य सड़क पर गंदा पानी जमा रहता है, जिससे रास्ता कीचड़ में बदल गया है। घरों का पानी सीधे सड़क पर बहने के कारण हल्की बारिश में स्थिति और बिगड़ जाती है। यह गांव का प्रमुख मार्ग है, जिसका उपयोग स्कूली बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक प्रतिदिन करते हैं। सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण आवागमन में भारी दिक्कत होती है। स्कूली बच्चों के कपड़े और जूते अक्सर कीचड़ से खराब हो जाते हैं। बरसात के दिनों में पानी अधिक भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीण सुबराती ने बताया कि सड़क पर लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने से आसपास गंदगी बनी रहती है, जिससे चर्म रोग और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्ते के दोनों ओर नालियों का निर्माण न होने के कारण हर साल बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या उत्पन्न होती है। पानी की उचित निकासी न होने से सड़क भी लगातार खराब होती जा रही है। ग्रामीणों में मुन्नू, सुबराती, सल्लर, बाबू, भरत लाल और मेंघा सहित अन्य लोगों ने जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत से जल निकासी की उचित व्यवस्था करने, सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण कराने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने मार्ग की मरम्मत कराने की भी अपील की है, ताकि उन्हें जलभराव और कीचड़ की समस्या से निजात मिल सके।
लोहनिया में जल निकासी की व्यवस्था नहीं:मुख्य सड़क पर कीचड़, आवागमन में परेशानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










