Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)हाईकोर्ट के निर्देश पर सरकारी जमीन से हटा अतिक्रमण:बहराइच में प्रशासन ने...

हाईकोर्ट के निर्देश पर सरकारी जमीन से हटा अतिक्रमण:बहराइच में प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किए अवैध निर्माण


बहराइच में सरकारी बंजर भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की गई। हुजूरपुर थाना क्षेत्र के सिंहपुर ग्राम पंचायत के घिसियौना गांव में हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए। इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। घिसियौना गांव स्थित गाटा संख्या 495 की सरकारी बंजर भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर पक्के निर्माण किए गए थे। इस मामले को लेकर गांव निवासी रहीस अहमद ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की थी। सुनवाई के बाद न्यायालय ने प्रशासन को भूमि खाली कराने का निर्देश दिया था। शुक्रवार को उपजिलाधिकारी अश्वनी पांडेय और तहसीलदार अम्बिका चौधरी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान साहिल, शकील, नावेद और जावेद पुत्र सगीरे द्वारा बनाई गई चार पक्की दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया। इसके अलावा, एक मदरसा भवन, सामने रखा टीनशेड और ढाबली भी हटाई गई। कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए हुजूरपुर थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। राजस्व टीम ने मौके पर भूमि की पैमाइश कर सीमांकन किया। कार्रवाई के बाद प्रशासन ने जमीन को कब्जामुक्त घोषित करते हुए दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए बोर्ड लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। तहसीलदार अम्बिका चौधरी ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के तहत सरकारी बंजर भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया है। वहीं, उपजिलाधिकारी अश्वनी पांडेय ने कहा कि सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments