Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)अधिक मास के अंतिम सोमवार पर कटेश्वरनाथ मंदिर में भीड़:श्रद्धालुओं ने की...

अधिक मास के अंतिम सोमवार पर कटेश्वरनाथ मंदिर में भीड़:श्रद्धालुओं ने की भगवान भोलेनाथ की विशेष पूजा, आध्यात्मिक वातावरण बना


सिद्धार्थनगर के इटवा क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध कटेश्वरनाथ शिव मंदिर में अधिक मास के अंतिम सोमवार को भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष से भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मंदिर में दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। अधिक मास में भगवान शिव की विशेष पूजा का धार्मिक महत्व होने के कारण आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। भक्तों ने भगवान शिव को गंगाजल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने परिवार की सुख-समृद्धि, मंगल और कल्याण की कामना की। पूरे दिन मंदिर परिसर में घंटों की मधुर ध्वनि, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार से आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। श्रद्धालु शिवलिंग के समक्ष ध्यान, जप और प्रार्थना करते दिखाई दिए। पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर के बाहर लगी पूजा सामग्री, फूल-माला और प्रसाद की दुकानों पर भी दिनभर अच्छी चहल-पहल रही। मंदिर के पुजारी पंकज गिरी ने बताया कि अधिक मास में भगवान शिव की उपासना विशेष पुण्यफलदायी मानी जाती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा और आस्था के साथ किया गया जलाभिषेक व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, मानसिक शांति और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करता है। इस अवसर पर प्रिन्स मिश्रा, हरिहर गिरि, बद्री गिरी, राम अजोरे गिरी, राम पाल अग्रहरि, रमेश यादव, विनीत चौबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments