शोहरतगढ़ ब्लाक क्षेत्र के पंचायत सहायकों ने गुरुवार को अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर विधायक विनय वर्मा को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन संघ के जिलाध्यक्ष गोविंद वर्मा के नेतृत्व में शोहरतगढ़ टीचर्स कॉलोनी स्थित विधायक के आवास पर दिया गया। विधायक ने पंचायत सहायकों को उनकी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। विधायक विनय वर्मा को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए पंचायत सहायकों ने बताया कि वे ग्राम पंचायतों को डिजिटल बनाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ इन योजनाओं को धरातल पर उतारने में लगे हुए हैं। पंचायत सहायकों ने मौजूदा महंगाई के दौर में मिल रहे मात्र छह हजार रुपये मासिक मानदेय को अपर्याप्त बताया। उन्होंने मांग की कि उनके मासिक मानदेय को बढ़ाकर 27 हजार रुपए प्रतिमाह किया जाए और उनकी सेवाओं को स्थायी किया जाए। अन्य मांगों में शामिल था कि जिन महिला पंचायत सहायकों का विवाह हो गया है, उन्हें स्थानांतरण नीति के तहत उनके ससुराल में ही तैनात किया जाए। इसके अतिरिक्त, सभी पंचायत सहायकों का स्वास्थ्य बीमा कराया जाए और उन्हें निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों की तरह अपने आश्रित परिजनों के उपचार के लिए कैशलेस स्वास्थ्य उपचार योजना के तहत सुविधाएं देने और आश्रित परिजनों को सरकारी नौकरी प्रदान करने की भी मांग की, ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें। विधायक विनय वर्मा ने आश्वासन दिया कि वे पंचायत सहायकों की समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष रखेंगे और उनके समाधान का पूरा प्रयास करेंगे। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष पंचायत सहायक जीवन सिंह राजपूत, अमरदीप वैभव, शोहरतगढ़ ब्लाक अध्यक्ष दीपक शर्मा, रामनयन, जयकुमार, नेहा शर्मा और वंदना सहित कई अन्य पंचायत सहायक मौजूद रहे।
शोहरतगढ़ में पंचायत सहायकों ने पांच सूत्रीय मांग:विधायक विनय वर्मा को सौंपा ज्ञापन, कहा- निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएं
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












