#बस्ती_न्यूज
बस्ती में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) मुंडेरवा में पैथोलॉजी जांच सुविधा रीजेंट (रसायन) की कमी के कारण ठप हो गई है। इससे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में आने वाले मरीजों को भारी असुविधा हो रही है और उन्हें महंगी दरों पर बाहर से जांच करानी पड़ रही है। मेले में मरीजों को देख रहे डॉ. अंकुर शुक्ल ने बताया कि इस समय मौसमी बीमारियों से ग्रसित अधिक मरीज आ रहे हैं, जिनके लिए पैथोलॉजी जांच आवश्यक है। अस्पताल में इलाज कराने आए कैलाश शर्मा, आशीष, गोरखनाथ शुक्ल, मनीष चौधरी, विवेक कुमार, धर्मेंद्र चौधरी, राजेश कुमार और आदर्श सहित कई मरीजों ने बताया कि बायोकेमिस्ट्री की जांच नहीं हो रही है। उन्हें बताया जाता है कि उपकरण तो उपलब्ध हैं, लेकिन जांच में इस्तेमाल होने वाले केमिकल नहीं हैं। लैब में मौजूद एक महिला स्टाफ ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सेलेक्ट्रा मशीन लगे हुए छह महीने हो गए हैं, लेकिन आज तक रीजेंट नहीं आया। अब सीबीसी मशीन भी इसी वजह से बंद पड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक रीजेंट की आपूर्ति नहीं होती, तब तक कोई जांच नहीं हो सकती। रीजेंट की कमी के कारण मरीजों की जांच न होने के संबंध में प्रभारी चिकित्सक डॉ. राजेश से बात करने पर उन्होंने बताया कि इसकी मांग कई बार भेजी जा चुकी है, लेकिन अभी तक आपूर्ति नहीं की गई है। डॉ. अंकुर शुक्ल ने यह भी बताया कि बरसात के मौसम में वायरल संक्रमण की संभावना अधिक होती है, जिसके चलते पेट दर्द, बुखार और सर्दी से संबंधित मरीज बढ़ गए हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अपने खान-पान में सुधार करें, बाजार में खुले में बिकने वाले फास्ट फूड और दूषित खाद्य सामग्री का सेवन न करें, तथा पानी उबालकर ठंडा करके पिएं ताकि बीमारियों से बचा जा सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती के मुंडेरवा CHC में पैथोलॉजी जांच ठप:रीजेंट की कमी से मरीज परेशान, बाहर से करा रहे टेस्ट
RELATED ARTICLES












