जमुनहा ब्लॉक के जमुनहा बाजार स्थित नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बदहाली का शिकार है। इस केंद्र का परिसर अब मरीजों के बजाय बकरियों का डेरा बन गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, केंद्र में गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए भीड़ उमड़ती है, लेकिन परिसर में जगह-जगह बकरियां घूमती नजर आती हैं। बताया जा रहा है कि केंद्र प्रभारी सुमन बाबू थापा के तबादले के बाद एक संविदा महिला डॉक्टर को प्रभार सौंपा गया है, जिससे परिसर की उचित देखरेख नहीं हो पा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग ने अब तक यहां किसी एमबीबीएस डॉक्टर की स्थायी तैनाती नहीं की है। प्रतिदिन सैकड़ों मरीज ओपीडी में आते हैं, लेकिन डॉक्टर की अनुपस्थिति के कारण उन्हें मजबूरन निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमुनहा बाजार में स्थायी डॉक्टर की तैनाती, परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।
जमुनहा बाजार स्वास्थ्य केंद्र में बकरियों का डेरा:डॉक्टर न होने से मरीज परेशान, सुविधाओं की कमी
RELATED ARTICLES












