खुनियांव ब्लॉक क्षेत्र में सरकिहवा-टेऊवा मुख्य मार्ग पर स्थित एक पुलिया पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। यह पुलिया अब राहगीरों और विशेषकर स्कूली छात्राओं के लिए बड़े खतरे का कारण बन गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। यह मार्ग सरकिहवा, उचडिहवा और कोटहिया से डोकम होते हुए टेऊवा स्थित ‘चांद गर्ल्स इंटर कॉलेज’ को जोड़ता है। क्षेत्र की सैकड़ों छात्राएं प्रतिदिन इसी मार्ग से होकर कॉलेज जाती हैं। यह पुलिया उनके आवागमन का मुख्य जरिया है। पुलिया के बीचों-बीच बड़े गड्ढे हो गए हैं और इसके सुरक्षा किनारे (रेलिंग) गायब हैं। हल्की सी लापरवाही किसी भी व्यक्ति को गहरे नाले में गिरा सकती है। ग्रामीणों के अनुसार, रात के अंधेरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग को इस समस्या की जानकारी होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इस उदासीनता के कारण ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। छात्राओं ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बरसात के मौसम में पुलिया पर पानी भर जाने से गड्ढों का अंदाजा नहीं मिलता, जिससे स्कूल जाने में डर लगता है। उनकी आशंका है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। क्षेत्रीय जनता ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर और लोक निर्माण विभाग (PWD) से मांग की है कि छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए इस पुलिया का जल्द से जल्द संज्ञान लिया जाए। उन्होंने पुलिया के नवनिर्माण या मरम्मत की अपील की है, ताकि भविष्य में होने वाली किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
क्षतिग्रस्त पुलिया से राहगीर परेशान, कभी भी हो सकती अनहोनी:खुनियांव में सैकड़ों छात्राओं सहित राहगीरों के लिए खतरा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












