सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा विकासखंड में इन दिनों पेट्रोल संकट गहरा गया है। क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर तेल की कमी के कारण ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेट्रोल भरवाने के लिए लोगों को लंबी कतारों में घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। विशुनपुर स्थित भारत पेट्रोल पंप पर पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो चुका है, जिससे ग्राहकों को निराश होकर लौटना पड़ा। इसके बाद जब लोग सेमरा स्थित एचपी पेट्रोल पंप पहुंचे, तो वहां भी तेल उपलब्ध नहीं मिला। लगातार दो पंपों पर तेल न मिलने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। हालांकि, सेमरा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर पेट्रोल उपलब्ध था, लेकिन यहां भी स्थिति सामान्य नहीं थी। पंप पर भारी भीड़ के कारण लंबी लाइनें लगी रहीं और लोगों को अपनी बारी के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। पेट्रोल पंप संचालक पिंटू शुक्ला ने बताया कि कंपनी द्वारा पर्याप्त मात्रा में तेल की आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि मांग के मुकाबले आपूर्ति कम होने से पंपों पर दबाव बढ़ गया है। इस अचानक उत्पन्न हुए पेट्रोल संकट से क्षेत्र के आम लोग, किसान और दैनिक यात्री सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि इस समस्या से राहत मिल सके।
खेसरहा में पेट्रोल संकट गहराया:पंपों पर लंबी कतारें, कई जगहों पर तेल खत्म होने से लोग परेशान
RELATED ARTICLES












