नई दिल्ली । पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद बढ़ने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई गिरावट की वजह से आज ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए थे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान लगातार तेजी बनी रही। वहीं एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर खरीदारी का रुख बना हुआ है।
अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान उत्साह का माहौल बना रहा, जिसके कारण वॉल स्ट्रीट के सूचकांक हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। एस एंड पी 500 इंडेक्स 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 7,473.47 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 0.19 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,343.97 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 395.65 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की बढ़त के साथ 50,975.35 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान खरीदारी होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 0.22 प्रतिशत उछल कर 10,466.26 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.37 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,115.75 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 281.79 अंक यानी 1.13 प्रतिशत की छलांग लगा कर 24,888.56 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में भी आज शुरुआत से ही खरीदारी का माहौल बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से सात के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बना हुआ है। दक्षिण कोरिया के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से आज कोस्पी इंडेक्स में कोई बदलाव नजर नहीं हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स फिलहाल 0.19 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 6,150.62 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 268.50 अंक यानी 1.13 प्रतिशत की जोरदार उछाल के साथ 23,959.50 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 217.42 अंक यानी 0.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,603.94 अंक के स्तर पर आ गया है। ताइवान वेटेड इंडेक्स ने आज जबरदस्त छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 1,260.29 अंक यानी 2.98 प्रतिशत उछल कर 43,528.26 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
इसी तरह निक्केई इंडेक्स 1,880.93 अंक यानी 2.97 प्रतिशत की मजबूती के साथ 65,220 अंक के स्तर पर आ गया है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.01 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,554.23 अंक के स्तर पर, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.57 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,136.25 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.42 प्रतिशत उछल कर 5,089.67 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।












