श्रावस्ती जनपद में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।वहीं जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी की अध्यक्षता में इस संबंध में एक आवश्यक बैठक भी की जा चुकी है। यह परीक्षा आगामी 08, 09 एवं 10 जून 2026 को दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 480 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जनपद में परीक्षा के लिए एकमात्र केंद्र श्री अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज, भिनगा को निर्धारित किया गया है। परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्टेटिक/सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। अपर जिलाधिकारी ललित कुमार को परीक्षा का नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी नामित मजिस्ट्रेट निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहें। वे अपने समक्ष प्रश्नपत्रों के पैकेट खुलवाएंगे और परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सील कराकर कोषागार स्थित डबल लॉक में सुरक्षित जमा कराएंगे। जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारियों को अपना आधार कार्ड और ड्यूटी कार्ड अनिवार्य रूप से साथ रखना होगा। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने कहा कि इस भर्ती परीक्षा में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने ईमानदारी और सतर्कता के साथ परीक्षा सम्पन्न कराने पर जोर दिया और चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अव्यवस्था रोकने के लिए खुफिया पुलिस को भी सक्रिय किया गया है और परीक्षा केंद्र पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इससे पूर्व, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्र श्री अलक्षेन्द्र इंटर कॉलेज, भिनगा का निरीक्षण भी कर लिया है। इस दौरान उन्होंने सभी व्यवस्थाओं की गहनता से जांच भी की है।वहीं प्रशासन ने यह भरोसा दिलाया है कि श्रावस्ती जनपद में पुलिस भर्ती परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराया जाएगा।
श्रावस्ती में पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी:8 से 10 जून तक संपन्न होगी परीक्षा, नकलविहीन और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए प्रशासन सख्त
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












