लखनऊ । राजधानी में प्रस्तावित अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता 2025-26 की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार, 06 मई 2026 को एडीजी पीएसी डॉ. रामकृष्ण स्वर्णकार ने विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में खिलाड़ियों के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों का अवलोकन किया गया।
एडीजी ने व्यवस्थाओं को और अधिक सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके बाद पुलिस मॉडर्न स्कूल, गोमतीनगर में प्रतियोगिता के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई। एडीजी पीएसी ने कार्यक्रम को आकर्षक, अनुशासित और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।अगले चरण में 32वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ में अधिकारियों एवं विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया गया।
उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी और बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।इस मौके पर डॉ. प्रीतिंदर सिंह, पुलिस महानिरीक्षक पीएसी मध्य जोन एवं सचिव, उत्तर प्रदेश पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, श्री किरीट राठौर, पुलिस उपमहानिरीक्षक लखनऊ अनुभाग सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।प्रतियोगिता को सफल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।












