Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बाबा लोकेश्वर नाथ मंदिर में बड़े मंगल पर धार्मिक आयोजन:सुंदरकांड पाठ के...

बाबा लोकेश्वर नाथ मंदिर में बड़े मंगल पर धार्मिक आयोजन:सुंदरकांड पाठ के बाद विशाल भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया


खेसरहा के बेलवालगुनही स्थित बाबा लोकेश्वर नाथ मंदिर परिसर में ज्येष्ठ माह के अंतिम बड़े मंगलवार पर सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया। दोपहर बाद सुंदरकांड पाठ शुरू हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे श्रद्धा भाव से भाग लिया। भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु लगातार ‘जय श्रीराम’ और ‘जय बजरंगबली’ के जयकारे लगाते रहे। सुंदरकांड पाठ का समापन शाम करीब 6 बजे हुआ। सुंदरकांड पाठ के समापन के तुरंत बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का शुभारंभ किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दूर-दराज के गांवों से आए लोगों की भीड़ देर शाम तक मंदिर परिसर में बनी रही। इस आयोजन को सफल बनाने में बाबा लोकेश्वर नाथ मंदिर समिति का विशेष योगदान रहा। मंदिर समिति के अध्यक्ष घनश्याम गुप्ता ने बताया कि यह धार्मिक कार्यक्रम क्षेत्र की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए आयोजित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि शाम 6 बजे शुरू हुआ भंडारा रात 10 बजे तक चलेगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई है। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, और आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। समिति के सदस्यों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments