#बस्ती_न्यूज
बस्ती के विकास भवन सभागार में मंगलवार दोपहर दो बजे सिंचाई बंधु उपाध्यक्ष गजेंद्रमणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर सिंचाई का पानी, खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया गया। गजेंद्रमणि त्रिपाठी ने कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस वर्ष खरीफ सीजन में सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ नहरों के माध्यम से किसानों तक अधिक से अधिक सिंचाई जल पहुंचाना सुनिश्चित करें, ताकि खेती प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सिंचाई संसाधनों का प्रभावी प्रबंधन आवश्यक है। बैठक में पूर्व कार्यवृत्त की समीक्षा करते हुए नलकूप खंड को वित्तीय वर्ष 2025-26 का मदवार व्यय विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सरयू नहर खंड-4 के अधिशासी अभियंता एवं नोडल अधिकारी दिनेश मोहन ने बताया कि जिले की नहरों में 360 क्यूसेक क्षमता से पानी छोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि 39 टेल फीडिंग के माध्यम से अंतिम छोर तक सिंचाई जल पहुंचाने का प्रयास किया गया है। बैठक के दौरान कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब चंद्र सोनकर ने सरयू नहर खंड-3 के जूनियर इंजीनियर द्वारा नहर संचालन संबंधी प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर न दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक तक सभी तकनीकी एवं संचालन संबंधी समस्याओं का समाधान कर स्थिति से अवगत कराया जाए। उप निदेशक कृषि अशोक कुमार ने बताया कि डीबीटी के माध्यम से पंजीकृत किसानों को अब तक 27.10 कुंतल अरहर, 7.92 कुंतल सांवा तथा 11.10 कुंतल धान का बीज वितरित किया जा चुका है। वहीं आत्मा योजना के तहत प्रदर्शन के लिए 8.40 कुंतल धान बीज भी किसानों को उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 50 प्रतिशत उर्वरकों का वितरण हो चुका है और खाद की कोई कमी नहीं है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि 22 जुलाई से जिले में खुरपका एवं मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाव के लिए विशेष टीकाकरण अभियान शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत जिले के लगभग दो लाख पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा। बैठक में सांसद प्रतिनिधि जवाहर लाल वर्मा, विधायक महादेवा प्रतिनिधि फूलचंद्र श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम मौर्य सहित सिंचाई, कृषि, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सिंचाई बंधु की बैठक में खरीफ तैयारियों की समीक्षा:बस्ती में किसानों को समय पर पानी, खाद और बीज उपलब्ध कराने के निर्देश
RELATED ARTICLES












