#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के दुबौलिया क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान (92.73 मीटर) से ऊपर बना हुआ है। इसके कारण कटरिया-चांदपुर तटबंध के आसपास का पूरा माझा क्षेत्र पूरी तरह जलमग्न हो गया है। खजांचीपुर से लेकर खलवा गांव तक लगभग दो किलोमीटर के दायरे में भीषण कटान और बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ का पानी लगातार बढ़ने और घरों के डूबने की आशंका के चलते कटरिया-चांदपुर माझा क्षेत्र के ग्रामीण पलायन कर रहे हैं। वे अपने घरों से अनाज, जरूरी दस्तावेज, चारपाई और अन्य घरेलू सामान लेकर मुख्य कटरिया तटबंध पर शरण ले रहे हैं। कटरिया-चांदपुर क्षेत्र के संपर्क मार्ग और मुख्य रास्ते 2 से 3 फीट पानी में डूब गए हैं। इससे ग्रामीणों के लिए सुरक्षित बाहर निकलना या रोजमर्रा का सामान लाना मुश्किल हो गया है। आवागमन के लिए अब केवल नावों का ही सहारा बचा है। नदी की मुख्य धारा गांवों के करीब खिसक रही है, जिससे किनारे बसे कई मकानों और छप्परों पर कटान का सीधा खतरा मंडरा रहा है। ग्रामीण अपने घर खाली कर रहे हैं। खेतों और चरागाहों में पानी भर जाने से पशुपालकों के सामने मवेशियों के लिए हरे चारे का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण नावों के जरिए चारा ढोकर मवेशियों को तटबंध की ओर ला रहे हैं।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर:माझा क्षेत्र जलमग्न, कटरिया-चांदपुर तटबंध के पास भीषण कटान
RELATED ARTICLES












