#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के दुबौलिया क्षेत्र में सरयू (घाघरा) नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। उत्तर प्रदेश सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को अयोध्या (फैजाबाद) में नदी का जलस्तर 93.1 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 92.73 मीटर से अधिक है। विभाग ने नदी को “डेंजर (ऊपर)” श्रेणी में चिह्नित किया है। इसका सीधा असर बस्ती के दुबौलिया क्षेत्र पर पड़ा है, जहां जलस्तर खतरे के स्तर से 37 सेंटीमीटर ऊपर बह रहा है। लगातार बारिश और बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण पिछले 24 घंटों में जलस्तर में 10 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दुबौलिया क्षेत्र के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। इनमें अशोकपुर माझा, उमरिया, चांदपुर कटारिया और सुविखाबाबू शामिल हैं, जो बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। सुविखाबाबू और टेढ़वा गांव के मुख्य संपर्क मार्ग 2 से 3 फीट पानी में डूब गए हैं। ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के आवागमन के लिए अब नाव ही एकमात्र साधन बची है। कटरिया-चांदपुर माझा क्षेत्र में नदी तेजी से कटान कर रही है। घरों में पानी घुसने की आशंका के चलते ग्रामीण अपना अनाज, जरूरी दस्तावेज और मवेशी लेकर मुख्य कटरिया तटबंध की ओर पलायन करने लगे हैं। खेतों और चरागाहों के पानी में डूब जाने से पशुपालकों के सामने मवेशियों के लिए हरे चारे का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सरयू नदी खतरे के निशान से ऊपर:बस्ती के दुबौलिया में कई गांव बाढ़ की चपेट में
RELATED ARTICLES












