सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय बंजरहा बुजुर्ग में ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और शिक्षा के महत्व के प्रति पूरे गांव में जागरूकता फैलाई। रैली में स्कूली बच्चे रंग-बिरंगे पोस्टर और तख्तियां लिए हुए थे, जिन पर “सब पढ़ें, सब बढ़ें” और “शिक्षा है अधिकार, इसे न करें इनकार” जैसे नारे लिखे थे। बच्चों ने इन नारों को लगाते हुए गांव के विभिन्न मार्गों से रैली निकाली, जिससे ग्रामीणों में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश पहुंचा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना है। रैली के जरिए यह संदेश दिया गया कि शिक्षा ही समाज के विकास की मजबूत नींव है और हर बच्चे को स्कूल भेजना सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस अवसर पर संकुल शिक्षक निलेश, संजय, राहुल और प्रधानाध्यापक शैलेन्द्र सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और ग्रामीणों से अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने तथा उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की। ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत आयोजित इस रैली ने गांव में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सशक्त संदेश दिया है, जिससे विद्यालय में नामांकन और उपस्थिति में वृद्धि होने की उम्मीद है।
बंजरहा प्राथमिक विद्यालय में ‘स्कूल चलो अभियान’ रैली:बच्चों ने गांव में शिक्षा का संदेश दिया, अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!










