विकास खंड तेजवापुर में बुधवार को बेसिक शिक्षा विभाग ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक जन जागरूकता रैली निकाली। खंड शिक्षा अधिकारी रणजीत कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस रैली में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और शिक्षा का संदेश लोगों तक पहुंचाया। छात्र-छात्राएं हाथों में तख्तियां लिए “सब पढ़ें–सब बढ़ें”, “हर बच्चा स्कूल जाए” और “कोई बच्चा छूटे नहीं” जैसे नारे लगाते हुए तेजवापुर के मुख्य मार्गों से गुजरे। इस दौरान अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों का निकटतम परिषदीय विद्यालय में नामांकन कराएं और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजें। रैली के माध्यम से निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, जूते-मोजे, स्कूल बैग, स्वेटर और मध्याह्न भोजन जैसी विभिन्न छात्र हितकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। खंड शिक्षा अधिकारी रणजीत कुमार ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। उन्होंने जोर दिया कि उनका उद्देश्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है। इस कार्यक्रम में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष आनंद पाठक, जिला मंत्री विजय उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। रैली का समापन शत-प्रतिशत नामांकन और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
तेजवापुर में स्कूल चलो अभियान की रैली निकली:खंड शिक्षा अधिकारी ने शत-प्रतिशत नामांकन का आह्वान किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












