श्रावस्ती में जनगणना के तहत स्वगणना का कार्य तेजी से जारी है। यह प्रक्रिया 7 मई को शुरू हुई थी और आगामी 21 मई तक चलनी है जो अभी भी जारी है। प्रशासन ने नागरिकों से जल्द से जल्द अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की अपील की है। इस स्वगणना कार्य में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। परिषदीय विद्यालयों में छुट्टियों के बावजूद शिक्षक ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। शिक्षकों ने बताया कि स्वगणना का कार्य लगभग अंतिम चरण में है और इसे शीघ्र hi पूरा कर लिया जाएगा। भारत में जनगणना के इतिहास में यह पहली बार है जब सरकार ने स्वगणना की सुविधा प्रदान की है। इसके माध्यम से कोई भी नागरिक अपनी सुविधानुसार स्वयं अपनी समस्त जानकारियां ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। विवरण भरकर सबमिट करने के बाद एक रजिस्ट्रेशन नंबर मोबाइल और ई-मेल पर प्राप्त होता है। इस नंबर के जरिए जनगणना प्रगणक दर्ज किए गए विवरण का सत्यापन करते हैं। यह प्रक्रिया सरल, सहज और पूर्णतः विश्वसनीय बताई जा रही है, जिससे त्रुटियों की संभावना भी कम होती है। नागरिक स्वगणना के लिए जनगणना की आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in का उपयोग कर सकते हैं। प्रशासन ने जनगणना में स्वगणना के विकल्प को एक सराहनीय पहल बताया है। अधिकारियों का कहना है कि इससे नागरिक कहीं से भी अपनी जानकारी सरकार तक पहुंचा सकते हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाते हुए समय पर अपनी जानकारियां साझा करने का आग्रह किया है। शिक्षकों का भी मानना है कि यह व्यवस्था आम जनमानस को सीधे जनगणना से जोड़ने के साथ-साथ त्रुटिहीन डेटा उपलब्ध कराने में सहायक होगी, जिससे जनगणना का वास्तविक उद्देश्य सफल हो सकेगा। परिषदीय विद्यालय के शिक्षक सुशील द्विवेदी ने बताया कि स्वगणना कार्य में शिक्षा विभाग के कर्मचारी, सुपरवाइजर और अधिकारी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया क्षेत्र के विकास, जनसंख्या वितरण और पिछड़े तथा अग्रणी इलाकों की सही तस्वीर सामने लाएगी, जिससे विकास की धारा से वंचित क्षेत्रों को जोड़ने में मदद मिलेगी।
श्रावस्ती में स्वगणना कार्य तेज, शिक्षक छुट्टियों में भी जुटे:प्रशासन ने नागरिकों से जल्द जानकारी भरने की अपील की
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












