बहराइच-नानपारा/लखीमपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक और सामने से आ रहे कंटेनर की जोरदार भिड़ंत में ट्रक क्लीनर की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर में भरा सरसों का तेल सड़क पर गिरने लगा। लोगों ने उसे बाल्टी में भरना शुरू कर दिया। हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोग घंटों जाम में फंसे रहे। सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे किनारे उगी घनी झाड़ियां और खर-पतवार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। सड़क के दोनों ओर झाड़ियां इतनी बढ़ चुकी हैं कि सामने से आने वाले वाहन काफी नजदीक आने के बाद ही दिखाई पड़ते हैं। लोगों का आरोप है कि इसी वजह से आए दिन आमने-सामने की टक्कर की घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन और हाईवे विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क किनारे सफाई कराई जाती, तो शायद एक और जान बचाई जा सकती थी। लगातार हो रहे हादसों से लोगों में भारी आक्रोश है और जल्द कार्रवाई की मांग उठ रही है। मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि ट्रक हादसे में क्लीनर की मौत हुई है। पुलिस द्वारा जाम खुलवाने के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ट्रक-कंटेनर भिड़ंत में क्लीनर की मौत:बहराइच-नानपारा हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, सड़क पर गिरा कंटेनर में भरा सरसों का तेल
RELATED ARTICLES












