Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सेमगढ़ा मार्ग जर्जर, राहगीर परेशान:इकौना क्षेत्र में गड्ढों और जलभराव से आवागमन...

सेमगढ़ा मार्ग जर्जर, राहगीर परेशान:इकौना क्षेत्र में गड्ढों और जलभराव से आवागमन बाधित, मरम्मत की मांग


श्रावस्ती जनपद के इकौना तहसील क्षेत्र में सेमगढ़ा पूर्वी कैप्टनपुरवा से बलवा पुल और सेमगढ़ा चौकी को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे जलभराव की समस्या बनी हुई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस मार्ग से प्रतिदिन लगभग 10 से 20 हजार लोग आवागमन करते हैं। यह सड़क इकौना सहित कई अन्य क्षेत्रों को जोड़ती है, लेकिन इसकी जर्जर स्थिति के कारण राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के निर्माण के बाद से इसकी उचित मरम्मत नहीं कराई गई है। बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से लोग अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें भी आती हैं। सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों को भी इस मार्ग से गुजरने में काफी परेशानी होती है। गड्ढों और पानी से होकर निकलने के कारण उनके कपड़े और किताबें भीग जाती हैं। स्थानीय निवासी संजय निषाद, जीतेंद्र यादव, राहुल कुमार और सोनू पांडे सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उनकी मांग है कि जल्द से जल्द सड़क को ठीक किया जाए ताकि राहगीरों और स्कूली बच्चों को आवागमन में हो रही परेशानी से मुक्ति मिल सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular