बस्ती में गैस सिलेंडर के वितरण में सर्वर संबंधी समस्या के कारण उपभोक्ता परेशान हैं। परशुरामपुर इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी पर सुबह से ही लंबी कतारें लग जाती हैं, लेकिन शाम तक भी सिलेंडर न मिलने पर कई लोगों को मायूस लौटना पड़ रहा है। किसान मड़ाई का काम छोड़कर और महिलाएं घर का काम-काज छोड़कर घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं। बैठोलिया निवासी अंजली ने बताया कि वह सुबह पांच बजे से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन सर्वर न चलने का हवाला देकर उन्हें वापस भेजा जा रहा है। तारा देवी ने भी सुबह चार बजे से लाइन में लगने की बात कही और बताया कि गैस न होने के कारण बच्चे बिना खाना खाए स्कूल जा रहे हैं और खेती का काम भी प्रभावित हो रहा है। अहरौली के जगदीश प्रसाद ने बताया कि उनका केवल केवाईसी हो पाया है, सिलेंडर नहीं मिला। रामलौट वर्मा और गुड़िया गौतम ने शिकायत की कि उनका सिलेंडर बुक न होने के बावजूद ‘डिलीवर्ड’ दिखा रहा है। सुकरौली कुंवर निवासी कुनाल कन्नौजिया, किशन गुप्ता और दिलीप कुमार सहित कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी कंपनी की इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। एजेंसी मालिक गुड़िया मिश्रा ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि उनके पास 684 सिलेंडर मौजूद हैं, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण सुबह से अब तक केवल सौ सिलेंडरों का ही वितरण हो पाया है। उन्होंने कहा कि सर्वर की समस्या के कारण लाइन में लगी भीड़ उग्र हो जाती है, जिसका सामना उन्हें करना पड़ता है। उनका मानना है कि सर्वर ठीक से काम करने लगे तो यह सारी परेशानी हल हो जाएगी। हरैया के एसडीएम सतेंद्र सिंह ने इस मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि वे संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान कराएंगे। हालांकि, इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका नंबर बंद मिला।
#बस्ती_न्यूज
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में परशुरामपुर एजेंसी पर सर्वर ठप:684 सिलेंडर उपलब्ध फिर भी रुका वितरण, उपभोक्ता घंटों इंतजार के बाद मायूस
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Home
on Hello world!












