श्रावस्ती। कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के दिशा-निर्देशन में 62वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, भिनगा द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई।
दिनांक 28 जुलाई 2026 को विश्वसनीय सूचना प्राप्त होने पर समवाय गुज्जरगौरी, 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल एवं पुलिस थाना सिरसिया की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम तालभगौड़ा-भचकाही मार्ग पर विशेष पेट्रोलिंग एवं निगरानी अभियान चलाया गया। इस दौरान संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका।
अभियान का नेतृत्व पार्टी कमांडर सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) मनेश कुमार द्वारा किया गया। उनके नेतृत्व में एसएसबी एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई, जिसमें उनके कब्जे से 02 किलोग्राम चरस, 01 मोटरसाइकिल एवं 02 मोबाइल फोन बरामद किए गए।
संयुक्त टीम द्वारा मौके पर गिरफ्तार किए गए दोनों भारतीय तस्करों एवं बरामद मादक पदार्थ सहित अन्य सामान को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु पुलिस थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती को सुपुर्द करने की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
62वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, भिनगा सीमावर्ती क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु निरंतर सतर्कता बरतते हुए प्रभावी अभियान संचालित कर रही है। वाहिनी द्वारा सीमा सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है।












