#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत पैदा (लंगड़ी) में श्रीमद्भागवत कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के पावन अवसर पर सजे भव्य पंडाल में पूरा वातावरण “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। महिलाओं ने मंगल गीत गाए, वहीं पुरुष और महिलाएं दोनों ही भगवान के जन्म की खुशी में झूमते और नृत्य करते नजर आए। व्यास पीठ पर विराजमान पं. हनुमान प्रसाद शास्त्री (अयोध्या धाम) ने अपने मधुर प्रवचनों में भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि मथुरा के कारागार में माता देवकी के गर्भ से भगवान श्रीकृष्ण का जन्म होते ही पूरी सृष्टि आनंद से भर उठी। शास्त्री जी ने आगे बताया कि वसुदेव जी प्रभु को सूप में रखकर यमुना पार कर गोकुल ले गए, जहां नंदबाबा के घर यशोदा मैया के आंगन में नंदलाल की किलकारियां गूंज उठीं। इस प्रसंग को सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और कई भक्तों की आंखें नम हो गईं। कार्यक्रम के मुख्य यजमान श्री सत्य नारायण तिवारी एवं श्रीमती शांति तिवारी रहे, जिनकी श्रद्धा ने आयोजन को भव्य रूप दिया। आयोजक अरविंद कुमार तिवारी एवं सूरज तिवारी (भोलू) के अथक प्रयासों से यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। इस अवसर पर पवन सिंह, अंकुर मिश्रा सहित सैकड़ों अन्य श्रद्धालुओं ने भी सहभागिता की।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव:कप्तानगंज ब्लॉक के पैदा गांव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
RELATED ARTICLES












