अमेठी। अमेठी जिले के जामो थाना क्षेत्र में भाभी की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपित देवर देवा को घटना के 24 घंटे के अंदर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित ने खाना बनाने और खाना देने को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर भाभी पूनम की गर्दन दबाई और बाद में लोहे की फंटी से सिर व चेहरे पर कई वार कर माैत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घर में बक्से से हत्या में प्रयुक्त लोहे की फंटी बरामद की है।
जामो थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान सूचना पर पुलिस ने वांछित आरोपित
पूरे दीवान मजरे पूरे चितई निवासी देवा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसकी भाभी पूनम काफी समय से मायके में रह रही थीं। 19 अगस्त को वह घर वापस आई थीं।
घर में खाना बनाने और खाना देने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपित ने गुस्से में आकर भाभी की गर्दन दबा दी, जिससे वह बेहोश हो गईं। इसके बाद उसने कथित तौर पर पास में रखी लोहे की फंटी से उनके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे पूनम की मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपित ने कथित तौर पर लोगों को गुमराह करने का प्रयास किया। उसने सब्जी काटने वाले चाकू पर खून लगाकर पास में रख दिया और भाभी द्वारा खुद को चाकू मारकर आत्महत्या करने की बात बताई।
पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर बक्से से आलाकत्ल लोहे की फंटी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।












