श्रावस्ती। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ मल्हीपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस विभाग ने शनिवार को 2:00 बजे के बाद बताया कि टीम ने नेपाल ले जाई जा रही करीब 20 लाख 55 हजार रुपये कीमत की 102.75 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। इस दौरान बाइक सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक हीरो मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर अपराध और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक मल्हीपुर महेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस और एसएसबी की टीम संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से स्मैक लेकर नेपाल की ओर जाने वाले हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त टीम ने ग्राम बेलरी के समीप नेपाल जाने वाले खड़ंजा मार्ग पर नाकाबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद बाइक से पहुंचे दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ और तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाजिद अली पुत्र शाबित अली के कब्जे से 49.25 ग्राम और आबिद अली पुत्र हैदर अली के पास से 53.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपी सागर गांव, थाना मल्हीपुर के निवासी बताए गए हैं। कुल 102.75 ग्राम अवैध स्मैक, एक हीरो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद होने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ थाना मल्हीपुर में मु0अ0सं0 140/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
भारत-नेपाल सीमा पर 20.55 लाख की स्मैक जब्त:श्रावस्ती पुलिस और SSB ने दो तस्करों को पकड़ा, नेपाल जाने की फिराक में थे
RELATED ARTICLES












