लखनऊ। काकोरी इलाके में कार की टक्कर से सपा नेता और मौजूदा बीडीसी की मौत हो गई। तेज रफ्तार इऑन कार ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मारी। जिससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने कार ड्राइवर को दौड़ाकर पकड़ लिया और बीडीसी सदस्य को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। वहां उसने दम तोड़ दिया।
घटना काकोरी थाना क्षेत्र के बेहटा चौराहे पर शनिवार को हुई। मृतक की पहचान खुर्रमपुर बेहटा के नौमीलाल यादव के बेटे आशीष यादव (38) के रूप हुई। वह बेहटा के सपा के सेक्टर प्रभारी थे। अपने दोस्त मनीष रावत के साथ गांव से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान गांव से निकलते ही यह दुर्घटना हो गई। इसमें आशीष को गंभीर चोटें आईं और उनका दोस्त मामूल चोटिल हुआ। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की।
उन्होंने कार ड्राइवर बृजेश पटेल (पुत्र ओमकार नाथ पटेल, निवासी मवई पंडियाना) को पकड़ लिया और पुलिस को घटना की सूचना दी। गंभीर रूप से घायल आशीष यादव को तत्काल सरोजिनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक आशीष यादव की पत्नी पूनम का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी दो बेटियां पीहू-रूही और एक बेटा रौनक है।
हादसे में जान गवाने वाले आशीष यादव सरोजिनी नगर ब्लॉक में बीडीसी पद पर थे। वह किसी काम से सुबह 10:00 बजे दोस्त मनीष के साथ मोटरसाइकिल से कैसरबाग कोर्ट जा रहे थे। आशीष एक प्राइवेट स्कूल में वैन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। ग्रामीणों के अनुसार, उनका स्वभाव बेहद मिलनसार था। काकोरी थाना के प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि घटना की सूचना पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचे। शव का पंचायतनामा भरा गया है। पुलिस को लिखित शिकायत मिली है, जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। दुर्घटना में शामिल कार यूपी 32 जेडब्ल्यू 8720 को कब्जे में और ड्राइवर को हिरासत में लिया गया है।












