43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी अलीगढ़वा और थाना कपिलवस्तु पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने नशीली दवाओं के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई सीमा पर तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि सीमा स्तंभ संख्या 549 के पास से नशीली दवाओं की तस्करी हो सकती है। इस सूचना पर एसएसबी की सीमा चौकी अलीगढ़वा और थाना कपिलवस्तु पुलिस की संयुक्त नाका टीम तुरंत चिन्हित स्थान पर पहुंची और सतर्कता से चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से सलारगढ़ गांव के रास्ते भारत से नेपाल की ओर जाता दिखा। नाका दल को देखकर उसने अचानक अपनी मोटरसाइकिल मोड़ी और भागने की कोशिश की। हालांकि, संयुक्त टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में संदिग्ध व्यक्ति ने स्वीकार किया कि उसके पास नशीली दवाएं हैं। इसके बाद समवाय कमांडर को सूचित कर एक राजपत्रित अधिकारी को मौके पर बुलाया गया। उनकी उपस्थिति में तलाशी ली गई, जिसमें आरोपी के पास से Tramalab (Spasmo) के 221 कैप्सूल और ALPRAPAX 0.5 एमजी की 105 टैबलेट बरामद हुईं। आरोपी की पहचान राम मूरत, निवासी ग्राम महूवारी, पोस्ट नई कोट, थाना नौतनवा, जिला महाराजगंज के रूप में हुई। संयुक्त टीम ने बरामद नशीली दवाओं और मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को थाना कपिलवस्तु पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि बल भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध मुद्रा और वन्यजीवों से संबंधित अपराधों की रोकथाम के लिए लगातार सक्रिय है। नियमित गश्त और विशेष नाकेबंदी के जरिए ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा रहा है।
सिद्धार्थनगर में एसएसबी और पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई:भारत-नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












