नगराम (लखनऊ)। ग्राम बहरौली में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा घर पर पत्थर फेंकने का मामला सामने आया है। पत्थर लगने से 13 वर्षीय बच्ची घायल हो गई। पुलिस ने एहतियातन मौके पर बल तैनात कर दिया है।
18 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे रिंकू पुत्र स्व० बाबूलाल के घर पर पत्थर-ईंट फेंके जाने की सूचना मिली। उपनिरीक्षक सहदेव कुमार व उपनिरीक्षक अनुज कुमार मौके पर पहुंचे। परिजनों के मुताबिक शरारती तत्व परेशान करने के लिए अक्सर पत्थर फेंकते हैं। इससे टीन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गई है। 19 अप्रैल को फिर हुई घटना में किंजन पुत्री अमर सिंह को हल्की चोट आई, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।
पुलिस जांच में पता चला कि घर के सामने खाली मैदान और पीछे तालाब है, जहां स्थानीय बच्चे क्रिकेट खेलते हैं। मौके पर कोई संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस संदिग्धों की तलाश कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति है। पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा।












