HomeHealth & Fitnessआंधी-बारिश का कहर: दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत, पेड़ गिरने...

आंधी-बारिश का कहर: दीवार गिरने से दो बच्चों की मौत, पेड़ गिरने से किसान की जान गई

हाथरस । सादाबाद क्षेत्र में 30 अप्रैल की शाम आई तेज आंधी और बारिश ने बड़ा हादसा करा दिया। गांव बिलारा में निर्माणाधीन मकान की पुरानी दीवार गिरने से दो मासूम बच्चों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जिससे गांव में मातम पसर गया।

बताया जा रहा है कि किसान जयप्रकाश के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। तेज आंधी के दौरान मकान की पुरानी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में उनकी 10 वर्षीय बेटी नेहा और पड़ोसी जितेंद्र का 9 वर्षीय बेटा मनीष आ गए। नेहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। प्रशासन से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की गई है। एसडीएम मनीष चौधरी ने मदद का आश्वासन दिया है।

इसी आंधी में मुरसान क्षेत्र के गांव बर्द्धवारी में खेत में बकरी चरा रहे 52 वर्षीय किसान खजान सिंह के ऊपर पेड़ गिर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान उनकी 10 बकरियां भी मर गईं।

इसके अलावा नगला बाबू गांव में दीवार गिरने से कई लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेज आंधी और बारिश से हुए इन हादसों ने पूरे इलाके को दहला दिया है और लोग दहशत में हैं। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments