Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में भारत-नेपाल सीमावर्ती सड़क बदहाल:एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने किया...

बहराइच में भारत-नेपाल सीमावर्ती सड़क बदहाल:एक दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने किया विरोध प्रदर्शन


बहराइच के नवाबगंज में भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र की एक दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क निर्माण की मांग की है। विकास खंड नवाबगंज के अंतर्गत नूरी चौराहा से जानकी कलकलवा तटबंध तक 12 किलोमीटर लंबा पिच मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। बनकसही गांव के पास सड़क पर जलभराव के कारण आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है, जिससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग नेपाल सीमा क्षेत्र के होलिया, छोटिया, जानकी, अड़बड़वा, मजगवा, भगंहर, जमदान, गंगापुर, गुलरिया, मलौना पुरवा, लक्ष्मनपुर, रहसोरवा, सिरसिया, बैदवरा, सोनपुर, राजापुर, फुलटेकरा सहित कई गांवों को जोड़ता है। इसके अलावा, एसएसबी 42 वाहिनी की बीओपी चौकी के जवान भी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं।कांवरिया संघ के पिंटू गुप्ता ने बताया कि सावन के महीने में हजारों की संख्या में कांवड़िए श्रद्धालु राप्ती नदी से जल भरने के लिए पैदल इसी मार्ग से जाते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण उन्हें और स्थानीय ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों के अनुसार, बनकसही गांव के पास जलभराव और गड्ढों के कारण अक्सर लोग फिसलकर घायल हो जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर लोक निर्माण विभाग और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायतें की गई हैं, लेकिन आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को ज्ञान चंद, बिकाऊ लाल, उदयराज यादव, रमेश कुमार, मुकेश कुमार, फैय्याज अली, इकबाल अहमद, अलाउद्दीन, गयास बेग, नफीस अहमद, आसिफ बेग सहित कई नाराज ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग की है। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के क्षेत्रीय अवर अभियंता कमलेश रावत से बात करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments