उत्तर भारत में आंधी-तूफान और बारिश ने मौसम को सुहाना कर दिया है। कई स्थानों पर आंधी-तूफान और बिजली की चपेट में आने से लोगों की मौत की भी खबर है। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने शनिवार को 10 जिलों में मौसम खराब होने की संभावना जताई थी। शनिवार को राजधानी शिमला समेत अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्य बारिश और ओलावृष्टि हुई। उत्तराखंडा के रुद्रप्रयाग जिले के तुंगनाथ-चोपटा में तूफान और बिजली की चपेट में आने से लखनऊ के रहने वाले दो भाइयों की मौत हो गई। हादसे में दो साथी घायल भी हुए हैं।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में आंधी तूफान की भी चेतावनी दी गई है। 31 मई तक ऐसा ही मौसम बना रहने की उम्मीद है। 1 जून से यूपी में मौसम शुष्क होगा।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-मुंबई में बड़े हमले की साजिश नाकाम, ISI-दाऊद से जुड़े 9 संदिग्ध गिरफ्तार
हिमाचल प्रदेश में भी बिगड़ा मौसम
मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई और ओले गिरे। वहीं चार जून तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताया है। रविवार यानी 31 मई को प्रदेशभर में ओले गिरने, आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के ऊंचाई वाले हिस्सों में बर्फबारी और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के बाद मौसम सुहाना हो गया है। तूफान से शिमला में सेब की खेती को नुकसान पहुंचाने की खबर है।
शिमला में पड़े ओले
मौसम विभाग के मुताबिक पंडोह में सबसे अधिक 37.4 मिमी बारिश हुई। नैना देवी में 34.6 मिमी, गुलेर में 25.8 मिमी, कांगड़ा में 20.5 मिमी, सुंदरनगर में 20.3 मिमी, ऊना में 16.2 मिमी, जोत में 15.4 मिमी, सराहन में 15.3 मिमी और देहरा गोपीपुर में 15.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शिमला के चौपाल और कोटखाई में ओले भी पड़े हैं।
राजस्थान में पांच दिनों का अलर्ट
राजस्थान में अगले चार से पांच दिन ओलावृष्टि, बिजली गिरने और आंधी के साथ बारिश की संभावना है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश धौलपुर जिले के बारे में 58 एमएम दर्ज की गई। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के कारण बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, कोटा, जोधपुर और उदयपुर संभागों में दो दिन में आंधी-तूफान के साथ-साथ हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मध्य प्रदेश में तूफान में तीन की मौत
मध्य प्रदेश के भिंड जिले में आंधी में एक दीवार ढहने से तीन लोगों की जान चली गई। चार अन्य लोग घायल हैं। अधिकारियों के मुताबिक अतरसोहा तहसील में छत और दीवार गिर से एक की जान गई। भिंड तहसील के सदरीपुरा गांव में एक अन्य व्यक्ति की मौत हुई। गोहद तहसील के सरवा गांव में तीसरे व्यक्ति की मौत की खबर है। दो लड़कियां घायल हुई हैं। कई मवेशियों के भी मरने की खबर है।

नोएडा-दिल्ली में आंधी के साथ बारिश
बारिश और आंधी के बाद दिल्ली की जनता को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज और कल यानी रविवार को तूफान और हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार तड़के दिल्ली के आयानगर में 11.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग स्थित मुख्य मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार शाम को नोएडा और दिल्ली में तेज आंधी के साथ बारिश हुई और दिन में ही रात जैसा नजारा देखने को मिला।
झारखंड में पांच की मौत
झारखंड के चार जिलों में पिछले 24 घंटे में बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत की खबर है। अधिकारियों के मुताबिक गढ़वा जिले में दो, रांची, धनबाद और बोकारो में एक-एक व्यक्ति की जान गई है। झारखंड के कुछ जिलों में शनिवार को भी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने रविवार को भी रांची, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और गोड्डा समेत 13 जिलों में आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
हरियाणा के कई जिलों में बारिश, पंजाब में भी सुहाना हुआ मौसम
हरियाणा में शनिवार को 9 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहा है। पंचकूला, फतेहाबाद और सिरसा में बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हिसार में बादल छाए रहे। गुरुग्राम और फरीदाबाद में तूफान से दिन में ही रात जैसा नजारा हो गया। मौसम विभाग ने रविवार को भी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है। पंजाब के रोपड़ जिले में तेज बारिश से मौसम बदल गया। जालंधर में बारिश और पठानकोट में ओलावृ्ष्टि की खबर है। मौसम विभाग ने शनिवार को पंजाब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।












