HomeHealth & Fitnessएलडीए की सख्त कार्रवाई: कृष्णा नगर में अवैध निर्माण में सांठगांठ पर...

एलडीए की सख्त कार्रवाई: कृष्णा नगर में अवैध निर्माण में सांठगांठ पर सुपरवाइजर निलंबित

लखनऊ। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बुधवार को अवैध निर्माण के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सुपरवाइजर को निलम्बित कर दिया है। आरोपी सुपरवाइजर पर अपने क्षेत्र में हो रहे एक अवैध निर्माण के प्रति लापरवाही बरतने और निर्माणकर्ता के साथ साठगांठ रखने के आरोप लगे थे। इस मामले में सहायक अभियंता व तत्कालीन अवर अभियंता से भी जवाब तलब किया गया है।

आलमबाग निवासी प्रेम शंकर शर्मा द्वारा कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन के पास लगभग 200 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के भूखण्ड पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। प्रेम शंकर द्वारा प्रार्थना पत्र देते हुए बताया गया कि प्रवर्तन जोन-3 में तैनात सुपरवाइजर अली नकवी रिजवी ने वर्ष 2025 में स्थल पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। इसके बाद निर्माण कार्य पुनः शुरू करने के एवज में रुपयों की मांग की। प्रेम शंकर ने आरोप लगाया कि रुपये देने के बाद भी सुपरवाइजर ने निर्माणाधीन भवन की नोटिस कराकर 20 मई, 2026 को परिसर को सील करवा दिया।  

एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच करवायी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सुपरवाइजर अली नकवी रिजवी ने अवैध निर्माण को रोकने का समुचित प्रयास नहीं किया। जिससे सुपरवाइजर और निर्माणकर्ता के बीच सांठगांठ की संभावना प्रतीत होती है।

 लापरवाही उजागर होने पर आरोपी सुपरवाइजर अली नकवी रिजवी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच के लिए उप सचिव माधवेश कुमार को जांच अधिकारी नामित किया गया है। इसके अलावा प्रवर्तन जोन-3 के सहायक अभियंता जेएम सिंह व तत्कालीन अवर अभियंता ओमपाल को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments