सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र में बेलवा-इटवा मार्ग पर रविवार दोपहर एक स्कार्पियो और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना कुसम्ही चौराहे के पास लगभग 12:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, बढ़या गांव निवासी सचिन उर्फ राजा (20 वर्ष) पुत्र राम चरित्र और प्रकाश पुत्र राम सरद बाइक से कहीं जा रहे थे। कुसम्ही चौराहे के समीप तेज रफ्तार स्कार्पियो से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद स्कार्पियो चालक अपनी गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। घटना स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन भी प्रभावित रहा। आसपास के ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी गई। एंबुलेंस के पहुंचने पर घायल युवक सचिन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा के चिकित्सक डॉ. अरविंद त्रिपाठी ने बताया कि घायल युवक का उपचार जारी है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कार्पियो की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बेलवा-इटवा मार्ग पर स्कार्पियो-बाइक की जोरदार टक्कर:बाइक पर सवार युवक घायल, चालक फरार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












