श्रावस्ती में अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने जनपद के प्रमुख व्यवसायियों के साथ पुलिस कार्यालय सभागार में एक गोष्ठी आयोजित की। इस बैठक का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान करना था। गोष्ठी में सर्राफा,पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और ईंट भट्ठा स्वामी शामिल हुए। गोष्ठी में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए व्यापारियों ने कई मुद्दे उठाए।इनमें यातायात अव्यवस्था, सड़क अतिक्रमण, बस स्टैंड पर अवैध डग्गामार वाहनों का संचालन, पेट्रोल पंपों की सुरक्षा और स्कूल बसों की फिटनेस जैसी समस्याएं प्रमुख थीं। अपर पुलिस अधीक्षक ने इन मुद्दों पर गंभीरता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने भीड़-भाड़ वाले बाजारों और कस्बों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने और पेट्रोल पंपों पर पुलिस प्रबंधन सुनिश्चित करने की बात कही। साथ ही, स्कूल बसों की नियमित फिटनेस जांच के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बाजारों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए रात्रि गश्त और पिकेट बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने बैंक व एटीएम के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की निरंतर चेकिंग पर भी जोर दिया। व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु थाना और चौकी स्तर पर नियमित मासिक गोष्ठियां आयोजित करने का भी आश्वासन दिया गया। पुलिस विभाग ने व्यापारियों को हर संभव सहयोग और सद्व्यवहार सुनिश्चित करने का वादा किया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए, सभी सर्राफा, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी और ईंट भट्ठा व्यवसायियों से अपने गार्डों और चौकीदारों का पुलिस सत्यापन कराने का आग्रह किया गया। उन्हें बाल श्रम न कराने की भी सलाह दी गई। अपराधों की रोकथाम के लिए ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया। जन सहयोग से लगे कैमरों के लिए व्यापारियों का आभार व्यक्त किया गया। बैठक के अंत में, व्यापारियों को अग्निकांड से बचाव के लिए संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण लगाने की सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त, ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचने के लिए ओटीपी साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और अपने बैंकिंग विवरण सुरक्षित रखने के प्रति भी जागरूक किया गया।
व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट:ASP ने कहा- गार्डों चौकीदारों का सत्यापन कराएं, CCTV लगाने की अपील
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












