Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)मदरसे से छात्र लापता,10 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग:परिजनों ने मदरसा...

मदरसे से छात्र लापता,10 दिन बाद भी नहीं लगा सुराग:परिजनों ने मदरसा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया, परिजनों ने जताई चिंता


श्रावस्ती जिले के सोनवा थाना क्षेत्र स्थित एक मदरसे से 18 वर्षीय छात्र के लापता हुए 10 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इस घटना से परिजन गहरे सदमे और चिंता में हैं। वहीं, परिजनों ने मदरसा प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्र की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं। जानकारी के अनुसार, चौगौई गांव निवासी जमील अली अपने परिवार के साथ मुंबई में मजदूरी करते हैं। उनका 18 वर्षीय पुत्र सुहेल पिछले लगभग चार वर्षों से अड़राई गांव स्थित मदरसा दारुल उलूम अल जामियातुल कादरिया में उर्दू की शिक्षा प्राप्त कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, 21 मई 2026 को सुहेल अचानक मदरसे से लापता हो गया। परिवार का आरोप है कि मदरसा प्रबंधन ने उन्हें छात्र के गायब होने की सूचना समय पर नहीं दी। उन्हें किसी अन्य माध्यम से बेटे के लापता होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने मदरसा संचालक से संपर्क किया। तब उन्हें पूरे मामले की जानकारी दी गई। मदरसा संचालक अब्दुल कादिर का कहना है कि 21 मई की रात सुहेल एक अन्य छात्र के साथ कहीं गया था। दूसरा छात्र कुछ समय बाद वापस लौट आया, लेकिन सुहेल वापस नहीं आया। उन्होंने बताया कि मदरसा प्रबंधन की ओर से छात्र की काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। छात्र के पिता जमील अली ने 28 मई को सोनवा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बेटे को पूरी जिम्मेदारी के साथ शिक्षा प्राप्त करने के लिए मदरसे में भेजा था और अब वे उसकी सकुशल वापसी चाहते हैं। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। छात्र की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और संभावित स्थानों पर खोजबीन तथा पूछताछ की जा रही है। हालांकि, 10 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और छात्र की तलाश के प्रयास जारी हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments