Homeदेश (National)मई की गर्मी में ऐसी बारिश नहीं देखी होगी, मौसम विभाग ने...

मई की गर्मी में ऐसी बारिश नहीं देखी होगी, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

मई का महीना आमतौर पर भीषण गर्मी, लू और तपती हवाओं के लिए जाना जाता है लेकिन इस बार मौसम का मिजाज कुछ ऐसा है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। देश के कई राज्यों में तेज आंधी, गरज-चमक और भारी बारिश ने मौसम का पूरा मिजाज बदल दिया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों में कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक बादलों क आवाजाही जारी है, जबकि राजस्थान और गुजरात के कई इलाकों में लू का खतरा अब भी बना हुआ है।

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार रात से ही तेज हवाओं और बादलों की आवाजाही देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसा, मंगलवार 12 मई को दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में बिजली चमकने और अचानक तेज आंधी आने की संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि, मौसम विभाग ने साफ कहा है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले स्थानों से दूरी बनाए रखना जरूरी है।

यह भी पढ़ें: देश में आलोचना, तेल संकट बढ़ा, 5 देशों की विदेश यात्रा पर क्यों जा रहे PM मोदी?

इन राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट

IMD के ताजा अपडेट के अनुसार, देश के 19 राज्यों में अगले कुछ घंटों के भीतर तेज बारिश और तूफान का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने बताया है कि कई जगहों पर हवाओं की स्पीड 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। उत्तर भारत के साथ-साथ पूर्वी और मध्य भारत के राज्यों में भी मौसम बिगड़ने की संभावना बनी हुई है।

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि इस दौरान बिजली गिरने की घटनाएं भी बढ़ सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

पंजाब-हरियाणा में तेज तूफान का असर

पंजाब और हरियाणा में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया है। कई जिलों में तेज आंधी और ओलावृष्टि के कारण पेड़ उखड़ गए और बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। अमृतसर, मोहाली, पटियाला और लुधियाना समेत कई इलाकों में तेज हवाओं के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने 12 से 13 मई तक यहां मौसम खराब बने रहने का अनुमान जताया है। दोनों राज्यों की राजधानी चंडीगढ़ में भी मौसम का कुछ ऐसा ही हाल है और आज सुबह से ही बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, चंडीगढ़ और आसपास के इलाकों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

यूपी और बिहार में मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मौसम तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है। मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, मुरादाबाद, बिजनौर, बरेली और लखनऊ समेत कई शहरों में बादल छाने और बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कहा है कि कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं।

बिहार में पिछले कुछ दिनों की भीषण गर्मी के बाद लोगों को राहत मिलती नजर आ रही है। पटना समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं और हल्की बारिश दर्ज की गई है। गया, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, कटिहार और पूर्णिया सहित कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम बेहद संवेदनशील बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के साथ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों को मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। पूर्वोत्तर के राज्यों में भी खराब मौसम की स्थिति बनी हुई है। असम, मेघायल, अरुणाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में आज बारिश की संभावना है।

यह भी पढ़ें: भारत का आखिरी पड़ोसी देश भी बागी, क्या सच में घेरी जा रही है दिल्ली?

राजस्थान और गुजरात में जारी रहेगी लू

एक तरफ देश के कई हिस्सों में बारिश और तूफान का दौर जारी है, वहीं राजस्थान और गुजरात के कई इलाके अब भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर में तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। हालांकि, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्के बादल और बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है लेकिन गर्मी से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments