Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच में विवाहिता की संदिग्ध मौत:मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या...

बहराइच में विवाहिता की संदिग्ध मौत:मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया, जांच जारी


बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र की धनुही पुलिस चौकी के अंतर्गत एक 35 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, धनुही निवासी शीला देवी की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार देर शाम उनकी मृत्यु हो गई। मृतका के भाई राम प्रताप विश्वकर्मा, जो मधिनगरा, ग्राम कुरसहा के निवासी हैं, ने थाने में तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी बहन को उसके पति संचित लाल विश्वकर्मा, ननकुन्ना विश्वकर्मा और रामफेर विश्वकर्मा ने गंभीर रूप से पीटा था। इसी मारपीट के कारण उनकी बहन की हालत गंभीर हुई और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। राम प्रताप ने बताया कि 4 जून को उनकी बहन ने फोन पर अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। यह सूचना मिलने पर वह बहन के ससुराल पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने का प्रयास किया। इसके बाद वह अपने घर लौट आए। अगले दिन, ससुराल पक्ष से सूचना मिली कि शीला बेहोश हो गई हैं। जब राम प्रताप मौके पर पहुंचे, तो उन्हें पता चला कि शीला को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ससुराल वालों द्वारा की गई मारपीट ही शीला की मौत का कारण बनी। थानाध्यक्ष संदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments