तेजवापुर ब्लॉक में ग्राम रोजगार सेवकों ने बकाया मानदेय और ईपीएफ भुगतान की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) सुरेश प्रसाद गौतम को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर यह कदम उठाया गया है, जिसमें कर्मचारियों ने 16 अप्रैल से हड़ताल की चेतावनी दी है। संघ के ब्लॉक अध्यक्ष लल्लन प्रसाद ने बताया कि पिछले कई महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे ग्राम रोजगार सेवकों को गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों को बच्चों की फीस जमा करने और परिवार का भरण-पोषण करने में भी कठिनाई हो रही है। उन्होंने कहा कि 16 से 25 अप्रैल तक कलमबंद हड़ताल प्रस्तावित है। कर्मचारियों ने ईपीएफ की धनराशि यूएएन खातों में जमा न किए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की। उनका कहना है कि यह कर्मचारियों के भविष्य से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा है, जिसे लगातार अनदेखा किया जा रहा है। संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं होता और ईपीएफ की राशि यूएएन खातों में जमा नहीं की जाती, तब तक तेजवापुर ब्लॉक के सभी ग्राम रोजगार सेवक और मनरेगा कर्मी कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान आलोक वर्मा, रजनीश कुमारी सिंह, गिरिजा शंकर मिश्र, पंकज आर्या, दिलीप और रवि सिंह सहित कई अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
तेजवापुर रोजगार सेवकों ने बकाया मानदेय, ईपीएफ मांगा:भुगतान न होने पर 16 अप्रैल से कलमबंद हड़ताल की चेतावनी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












