लखनऊ। प्रेरणाकृति फाउंडेशन की ओर से दस दिवसीय प्रस्तुति-परक कथक कार्यशाला का गुरुवार को सामुदायिक केंद्र, मनकामेश्वर वार्ड, डालीगंज में समापन हुआ। फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में लगभग 22 बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यशाला का प्रशिक्षण प्रसिद्ध कथक प्रशिक्षिका प्रिया कश्यप द्वारा दिया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पार्षद रंजीत सिंह उपस्थित रहे। समापन अवसर पर प्रतिभागी बच्चों ने कथक नृत्य की विविध प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों में गुरु वंदना, हस्तक, तत्कार, रंगमंच टुकड़ा, तोड़े-टुकड़े, तिहाई एवं कवित्त आदि शामिल रहे। बच्चों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सभी उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने भरपूर सराहना की। इस अवसर पर कथक प्रशिक्षिका प्रिया कश्यप ने भी सरगम पर आधारित एक सुंदर एवं मनमोहक कथक नृत्य प्रस्तुति देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि रंजीत सिंह ने कहा कि क्षेत्र के बच्चों में भारतीय कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने के लिए इस प्रकार की कार्यशालाओं या कक्षा का आयोजन निरंतर होता रहना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में यदि प्रेरणाकृति फाउंडेशन एवं प्रशिक्षिका द्वारा इस प्रकार की कार्यशालाओं अथवा नियमित कथक कक्षाओं का आयोजन किया जाता है तो उन्हें उनका पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। प्रेरणाकृति फाउंडेशन के निदेशक अर्जुन सिंह ने कहा कि संस्था भविष्य में भी कला एवं संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक सांस्कृतिक गतिविधियों को पहुंचाने का प्रयास करेगी।
दस दिवसीय प्रस्तुति-परक कथक कार्यशाला का समापन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












