नई दिल्ली। तार वाले ईयरफोन ने जबरदस्त वापसी की है। लगातार पांच साल गिरावट देखने के बाद दुनियाभर में वायर्ड (तार वाले) ईयरफोन की सेल में 20 फीसदी की जबरदस्त उछाल आया है। गैजेट गुरु राजीव मखनी ने इस क्रेज और ट्रेंड के 4 कारण बताए हैं। तार वाले ईयरफोन की बिक्री का एक प्रमुख कारण बैटरी और चार्जिंग से झंझट से मुक्ति है। राजीव के अनुसार, स्वास्थ्य भी इन्हें फिर से अपनाने की वजह बन रहा है, आइए जानते हैं।
बिक्री की आया शानदार उछाल
मार्केट रिसर्च फर्म ‘सिरकाना’ (Circana) के आंकड़ों (ref.) के अनुसार, पिछले साल यानी 2025 में ही वायर्ड ईयरफोन की कमाई 3 फीसदी बढ़कर करीब 15 मिलियन डॉलर (लगभग 125 करोड़ रुपये) पहुंच गई थी। इस साल 2026 के शुरुआती महीनों में इसमें और भी तेजी देखी गई है।
गैजेट गुरु ने बताया, क्यों खरीद रहे लोग
एक वीडियो में राजीव ने कहा कि कुछ लोग तार वाले ईयरफोन्स की सेल को नॉस्टेल्जिया (पुरानी यादों) से जोड़ रहे हैं, लेकिन इनकी बिक्री में तेजी के चार कारण हैं। राजीव ने बताया, लोगों को लंबे समय तक वायरलेस ईयरबड्स इस्तेमाल करने से सिरदर्द और कानों में भिनभिनाहट (Buzzing sound) जैसी दिक्कतें हो रही हैं, खासकर तेज आवाज में सुनने पर। इसलिए वो वायर्ड इयरफोन ले रहे हैं। दूसरा कारण है रेडिएशन का डर। लोगों को डर है कि वायरलैस ईयरफोन के कारण ब्लूटूथ रेडिएशन सीधे कानों में जा रहा है। तीसरा कारण है सहूलियत। वायर्ड ईयरफोन्स को न तो चार्जिंग की जरूरत होती है और न ही इनमें बैटरी की कोई समस्या होती है। चौथा कारण पैसे की बचत है, क्योंकि एक हजार के वायर्ड ईयरफोन की साउंड क्वालिटी 20 हजार वायरलैस ईयरफोन जितनी ही अच्छी या उससे भी बेहतर होती है।
स्मार्टफोन कंपनियों के लिए चुनौती
तार वाले ईयरफोन्स की सेल बढ़ती है तो यह स्मार्टफोन कंपनियों के लिए भी चुनौती बनेगी, क्योंकि तमाम कंपनियों ने अपने प्रीमियम फोन्स में 3.5mm का हेडफोन जैक बंद कर दिया है और वायर्ड ईयरफोन उसी पर कनेक्ट होते हैं। हालांकि कुछ फोन में टाइप-सी कनेक्टर का उपयोग करके भी ईयरफोन को जोड़ा जा सकता है।
सेलिब्रिटीज कर रहे लोगों को प्रभावित
तार वाले ईयरफोन्स की सेल में बढ़ोतरी का एक कारण सेलिब्रिटीज भी हैं। पिछले साल से ही हॉलीवुड और बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को तार वाले ईयरफोन्स लगाते हुए पब्लिक प्लेस में देखा गया है। कई सेलिब्रिटीज को तो बिना इंटरनेट वाले बेसिक फोन के साथ वायर्ड हेडफोन लगाते हुए देखा गया है। इस ट्रेंड में सफेद रंग के ईयरफोन ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। फिल्मी सितारों से लेकर स्पोर्ट्स प्लेयर्स और राजनेताओं को वायर्ड ईयरफोन्स उपयोग करते हुए देखा गया है।












