इमरजेंसी में चिकित्सकों की उपस्थिति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करायें-जिलाधिकारी
पुनः निरीक्षण में कमी पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध होगी कड़ी कार्यवाही-जिलाधिकारी
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान दवा वितरण कक्ष का निरीक्षण किया गया, जिसमें कुछ दवायें एक्सपायर पायी गई, इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया स्टोर में एक्सपायरी दवाएं न रखी जाएं, उन्हें समय सीमा पूर्ण होते ही तत्काल हटाया जाए। जिलाधिकारी ने दवा वितरण कक्ष में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका एवं स्टॉक रजिस्टर का भी अवलोकन किया। जिसमें कई दवाओं एवं सामग्रियों का स्टॉक रजिस्टर में अंकन नहीं पाया गया। इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि स्टॉक रजिस्टर का स्वयं समय-समय पर अवलोकन करते हुए सामग्रियों एवं दवाओं के स्टॉक को अद्यावधिक करायें। एस0एन0सी0यू0 वार्ड निरीक्षण में 08 मरीज तथा लेबर रूम में 04 मरीज पाये गये। इस दौरान जिलाधिकारी ने जन्म एवं मृत्यु दर की भी जानकारी ली। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया की अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को खान-पान, दवा, इलाज, टीकाकरण आदि में विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होने कहा कि मानक के अनुरूप साफ-सफाई कराकर सभी व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरूस्त रखा जाय।
पी0एन0सी0 वार्ड मंे साफ-सफाई, चादर की क्वालिटी, सेनिटाइजेशन की स्थिति देखी गयी, जिसमें साफ सफाई की स्थिति सन्तोषजनक पायी गयी। पुरूष वार्ड, महिला वार्ड, एवं चिकित्सालय के अधिकांश स्थानों पर काफी गंदगी पायी गयी। इस पर जिलाधिकारी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देशित किया कि साफ-सफाई का कार्य प्रत्येक दशा मंे प्रातःकाल सुनिश्चित करा लिया जाय। डायलिसिस वार्ड के निरीक्षण में 02 मरीज भर्ती पाये गये, इस दौरान जिलाधिकारी ने डायलिसिस सेवाओं व सुविधाओं आदि की जानकारी प्राप्त की गयी। पैथॉलाजी का निरीक्षण करने के दौरान जिलाधिकारी ने सम्बन्धित पैरामेडिकल कर्मियों से लिए गये सैम्पल आदि के सम्बन्ध में जानकारी ली, जिस पर ज्ञाह हुआ कि आज 340 सैम्पल लिए गये है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि मरीजों को जांच के उपरांत 24 घंटे के अंदर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि संयुक्त जिला चिकित्सालय में पायी गयी कमियों का संज्ञान लेकर सभी व्यवस्थाएं ठीक कराते हुए अनुपालन आख्या दो दिवस में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें एवं स्वयं भी नियमित रूप से संयुक्त जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण करें। अन्यथा भविष्य में पुनः औचक निरीक्षण में स्थिति प्रतिकूल पाये जाने पर सम्बन्धित के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के तीमारदारों से बात कर उनका कुशलक्षेम भी जाना। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं मरीजों को समय से मुहैया होती रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। यदि मरीजों को स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराने में शिथिलता मिली तो सम्बन्धित चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल कर्मियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल में तैनात सभी चिकित्सको/पैरामेडिकल कर्मियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित रखें।
इसके उपरान्त जिलाधिकारी ने इमरजेंसी वार्ड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान 03 मरीज भर्ती पाये गये। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों की उपस्थिति प्रत्येक दशा में सुनिश्चित करायें । इमरजेंसी में आने वाले मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर दवाएं, जांच आदि शीघ्रता के साथ उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी मरीज अथवा तिमारदार द्वारा शिकायत की गई तो सम्बन्धित पर भी कार्यवाही की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा0 राजपाल सिंह सहित अन्य चिकित्सकगण एवं पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।











