लखनऊ। निगोहां इलाके में एक युवक ने कुत्ते का बेरहमी से कत्ल कर दिया। पहले कुत्ते को पटक-पटककर मारा। इस पर भी जब मन नहीं भरा तो पहले चाकू से उसकी गर्दन धीरे-धीरे रेती। इसके बाद चमड़ी उधेड़ ली। लोगों ने उसे मन किया, लेकिन आरोपी नहीं माना। घटना लखनऊ के निगोहां क्षेत्र में मंगलवार को हुई। आरोपी की पहचान निगोहां गांव के रहने वाले बल्लू पुत्र गौरीशंकर के रूप में हुई। पूरी घटना का एक वीडियो सामने आया है। गांव के लोगों ने आरोपी के खिलाफ निगोहां थाने में तहरीर दी है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक अपने पैर के नीचे कुत्ते के शव को दबाए हुए है। उसकी गर्दन पर चाकू चला रहा है। कैमरा पास जाने पर युवक कुत्ते की खाल को हाथों से नोचता हुआ नजर आता है। मौके पर चारों तरफ खून ही खून फैला हुआ है। कुछ लोग उसे रोकने के लिए आवाजें लगाते हुए भी सुनाई दे रहे हैं। शिकायत देने वालों में गांव के विकास, विवेक कुमार, सनी कश्यप, उमेश, रोहित कश्यप और राम किशन समेत कई ग्रामीण शामिल रहे।
ग्रामीणों ने आरोपी पर पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। निगोहां थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि तहरीर मिली है। वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












