#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के दुबौलिया क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान (92.73 मीटर) को पार कर 92.91 मीटर पर पहुंच गया है। इसके कारण तटबंध और नदी के बीच स्थित सुविकाबाबू गांव चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिरकर जलमग्न हो गया है। नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण बाढ़ का पानी अब गांव के भीतर और घरों के निचले हिस्सों तक फैलने लगा है। इससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी चिंता और भय का माहौल है। क्षेत्र में स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है और प्रभावित इलाकों में पानी का घेराव बढ़ता जा रहा है। सुविकाबाबू गांव और आंशिक रूप से टेढ़वा गांव का मुख्य संपर्क मार्ग पानी में डूब गया है। ग्रामीणों के आवागमन और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अब केवल नाव ही एकमात्र सहारा बची है। हालात को देखते हुए तहसील प्रशासन ने सुविकाबाबू और आसपास के प्रभावित लोगों की मदद के लिए दो मोटर बोट और छह नावें तैनात की हैं। इनका उपयोग आवश्यकता पड़ने पर लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए किया जाएगा। दुबौलिया क्षेत्र की सभी बाढ़ चौकियों को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारी लगातार कटरिया-चांदपुर तटबंध और उमरिया रिंग बांध पर बढ़ रहे नदी के दबाव और संभावित कटान पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। पानी तेजी से बढ़ने के कारण ग्रामीण अपने जरूरी कागजात, राशन, कीमती सामान और छप्पर आदि को सुरक्षित ऊंचे स्थानों या मुख्य बांध की तरफ ले जाने में जुट गए हैं। ग्रामीणों को अपने मवेशियों जैसे गाय, भैंस और अन्य पशुओं को समय रहते तटबंध या किसी ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की सलाह दी गई है। बाढ़ के कारण चारा जुटाने में भारी समस्या हो रही है। बाढ़ के पानी के साथ सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीव-जंतु आबादी वाले क्षेत्रों और घरों की तरफ आ सकते हैं। ग्रामीणों को रात के समय विशेष सतर्कता बरतने और रोशनी का उपयोग करने की हिदायत दी गई है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सरयू नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर:बस्ती के दुबौलिया में सुविकाबाबू गांव जलमग्न, संपर्क मार्ग डूबा
RELATED ARTICLES












